चौंकाने वाला खुलासा: घुसपैठ कर बसाया कुनबा, मीट फैक्टरियों में मिला काम, नेता ने बना दिया मतदाता
अलीगढ़ में पकड़े गए 12 बांग्लादेशियों को मीट फैक्टरियों में काम मिला। नेता ने उन्हें वोटर भी बनवा दिया। गिरफ्तार किए बांग्लादेशियों से पूछताछ में पता चला है कि 34 वर्ष पहले अमीना बेगम ही नहीं कई परिवारों ने बड़े काफिले के साथ घुसपैठ की थी।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अलीगढ़ के रोरावर और कोतवाली क्षेत्र से पकड़े गए 12 बांग्लादेशियों के संबंध में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार की गई अमीना को वर्ष 1992 में उसके माता-पिता घुसपैठ कर भारत लाए थे। उसने 34 साल में अपने कुनबे को यहां बसा दिया। मीट फैक्टरियों के संचालक व ठेकेदारों ने इन्हें काम दिया। कोतवाली क्षेत्र के ही नेता ने वर्ष 2008 में गैर कानूनी ढंग से वोटर कार्ड बनवाकर भारतीय नागरिक बना दिया। बड़ी साजिश की आशंका से एंटी टेररिस्ट स्क्वाॅड (एटीएस) और अन्य जांच एजेंसियां पड़ताल में जुट गई हैं। साक्ष्य मिलने पर नेता और मीट फैक्टरी में काम देने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी अन्य स्थानों पर भी मजदूरी करते हैं।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि बुधवार शाम एलआईयू के इनपुट और मुखबिर की सूचना पर रोरावर थाना पुलिस ने शाहपुर कुतुब चौकी क्षेत्र में मथुरा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास काला बुर्का पहने एक महिला को हिरासत में लिया। महिला ने अपना नाम अमीना बेगम (पत्नी मोहम्मद हजरत) बताया। वह मूल रूप से बांग्लादेश के गया बंदा जिले की रहने वाली बताई गई है। वर्तमान में हड्डी गोदाम चौराहे के पास झुग्गी में रह रही थी। अमीना ने बताया कि वह 1992 में अपने पति और परिवार के साथ बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत आई थी। उसने फर्जी नाम-पते और कागजात से सिम कार्ड, पहचान पत्र आदि बनवा लिए।
उसके पास से आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान, पैन कार्ड और वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज मिले हैं। पहचान पत्रों पर एक जनवरी 1965 जन्मतिथि दर्ज है। उसकी बेटी सितारा के दो आधार कार्ड पर 10 जनवरी 2005 और 10 जनवरी 2013 जन्मतिथि अंकित है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, ईपीएफ कार्ड आदि बरामद किए हैं। इनके मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने रोरावर थाने में बीएनएस की धारा 318 (4), 338, 336 (3), 340 (2) और आव्रजन और विदेशी अधिनियम 21 के तहत 13 आरोपियों को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज की है। तीन साल के बच्चे को नामजद नहीं किया गया है। इस मामले की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है। पुलिस के अलावा अन्य एजेंसियां भी जांच कर रही हैं। बांग्लादेशियों को भारतीय नागरिक बनाने व इसमें मदद करने वालों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल और नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।-नीरज जादौन, एसएसपी अलीगढ़
परिवार और परिचितों तक पहुंची पुलिस
अमीना से पूछताछ के बाद पुलिस ने गोंडा रोड रेलवे पुल के पास सलामपुर माफी वाले रास्ते व धोबी घाट के पास शाहपुर रोड क्षेत्र में दबिश दी। यहां से उसके परिवार के लोगों व रिश्तेदारों को हिरासत में लिया। इनसे भी फर्जी कागजात पर बनवाए गए पहचान पत्र आदि बरामद कर इन्हें हिरासत में ले लिया गया। इनमें अमीना के जेठ मोहम्मद अली हुसैन का बेटा मोहम्मद शरीफ उल (28 वर्ष), शाहरुख (22 वर्ष), मोहम्मद सलमान (19 वर्ष) और विवाहित बेटी शहनाज (35 वर्ष) शामिल हैं। इनके अलावा हैदर अली, उसकी पत्नी रुखसाना, उनके बेटे उवैश को भी अमीना की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी मूलरूप से बांग्लादेश के गया बंदा जिले के निवासी हैं। अलीगढ़ में यह कोतवाली क्षेत्र के अनार नगला, भुजपुरा, आशिक अली रोड और हड्डी गोदाम के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे थे।
अमीना के बेटे-बेटी की तलाश जारी
अमीना की बेटी हजराबानो की शादी आगरा के बाह में हो गई है। अमीना का बेटा शाहजहां अलीगढ़ के अनार का नगला क्षेत्र में रहता है। अब पुलिस इन दोनों और इनसे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अमीना की एक 16 साल की बेटी 12 सितंबर 2025 को जलपाईगुड़ी में सीमा पार करते हुए पकड़ी गई थी। अमीना का पति मोहम्मद हजरत अक्सर भारत आकर बिना वीजा-पासपोर्ट के बांग्लादेश आता-जाता रहा है। उसकी गतिविधियों की एजेंसियां गहनता से जांच कर रही हैं। अमीना ने बताया कि आठ पहले ही उसका पति उससे मारपीट कर बांग्लादेश चला गया।
शिकायती पत्र से खुला 34 साल पहले काफिले संग की घुसपैठ का राज
अलीगढ़ कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किए बांग्लादेशियों से पूछताछ में पता चला है कि 34 वर्ष पहले अमीना बेगम ही नहीं कई परिवारों ने बड़े काफिले के साथ घुसपैठ की थी। सीमा के इस और उस पार बैठे ठेकेदारों की मदद और चेन सिस्टम से बांग्लादेशी अपने परिचित व रिश्तेदारों को यहां लाकर बसाते रहे। विवाद से जुड़े एक शिकायती पत्र मिलने के बाद इनके यहां बसने और फर्जी नागरिकता हासिल करने का खुलासा हुआ है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने केवल अमीना का वोटर कार्ड बरामद करने की जानकारी दी है, लेकिन एक स्थानीय जनप्रतिनिधि ने दावा किया है कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशियों के वोटों के लालच में पहचान पत्र बनवाए गए हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच खुलासे से आशंका है कि कड़ी से कड़ी जोड़कर बड़े स्तर पर गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
यह भी पता चला है कि अमीना ने फर्जी वोटर कार्ड के जरिये इस बार एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी। स्थानीय खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण एजेंसियां गहनता से पड़ताल कर रही हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में केवल बांग्लादेशी ही नहीं, ठेकेदारोें और इनको काम दिलाने और पहचान पत्र बनवाने में मदद करने वालों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
किराये पर रह रहे थे, सस्ती मजदूरी के कारण मिला काम
कोतवाली क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि ने जानकारी दी कि वर्ष 2007 के बाद बांग्लादेशियों के यहां बसने की संख्या में बढ़ोतरी हुई थी। मीट फैक्टरियों को सस्ते मजदूर मिल जाते थे और इनको काम मिल जाता था। पुलिस आरोपियों के झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने की जानकारी दे रही है लेकिन यह लोग तीन अलग-अलग मकानों में किराये पर रह रहे थे। इनमें एक मकान शटरिंग ठेकेदार का है। दूसरा सईद व तीसरा एक अन्य व्यक्ति का बताया गया है।
गाजियाबाद और मेरठ में पकड़े संदिग्ध
गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी की घनी आबादी के बीच संचालित सिलाई फैक्टरी में काम कर रहे नौ संदिग्ध बांग्लादेशियों को भी बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया। इनकी जांच जारी है। इनके अलावा जून 2026 में मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में संदिग्ध बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया था। दावा किया गया था कि इन्होंने जनसेवा केंद्रों के माध्यम से फर्जी पहचान पत्र बनवाए हैं। इनके पश्चिम बंगाल के पहचान पत्र मिलने पर वहां की पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई थी।
जट्टारी में पिछले साल पकड़े थे चार बांग्लादेशी
टप्पल थाना क्षेत्र अंतर्गत जट्टारी चौकी की नई बस्ती से 10 मार्च 2025 को पुलिस ने एक महिला सहित चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। ये भी लगभग अमीना के घुसपैठ करने के दौरान ही सीमा पार कर आए थे। इन्होंने भी फर्जी पहचान पत्र आदि बनवा लिए थे।
फर्जी पासपोर्ट कर विदेश यात्रा कर चुका दंपती हुआ था गिरफ्तार
दिसंबर 2024 में एटीएस की अलीगढ़ फील्ड यूनिट ने बांग्लादेश निवासी सिराज और उसकी पत्नी हलीमा को गिरफ्तार किया था। ये भी 12 साल पहले अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आए थे। इन्होंने फर्जी कागजात से भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया था। इस पासपोर्ट के माध्यम से इन्होंने सऊदी अरब व दुबई की विदेश यात्रा भी कीं थीं।
