Agra: वायु सेना स्टेशन परिसर में घुसने का प्रयास कर रहा था युवक, बोला- सीबीआई से हूं, ऐसे खुला राज
एयर फोर्स के हवाई जहाज देखने के लिए 9वीं पास युवक ने साजिश रचकर सीबीआई अधिकारी का फर्जी कार्ड बनाया, लेकिन उसका राज खुल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के वायुसेना स्टेशन परिसर के अजीत नगर गेट से दमोह के 18 वर्षीय राजू अहिरवार ने सीबीआई अधिकारी बनकर प्रवेश की कोशिश की। सुरक्षाकर्मी को फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। युवक की हरकत पर सुरक्षाकर्मी को शक हो गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी राजू लड़ाकू जहाज देखने की ख्वाहिश में अपने चाचा और मामा के साथ अधिकारी बनकर आया था। मामले में तीनों को केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के दमोह निवासी राजू अहिरवार, उसके चाचा बैजनाथ अहिरवार और मामा महेंद्र अहिरवार को जेल भेजा गया है। मामले में वायु सेना स्टेशन के सहायक सुरक्षा अधिकारी वारंट अफसर अमर सिंह ने मामला दर्ज कराया है। 17 अप्रैल को राजू अपने चाचा व मामा के साथ वायु सेना स्टेशन के अजीत नगर गेट पर आया था। परिसर के अंदर जाने की कोशिश करने लगा। ड्यूटी पर तैनात जवान ने तीनों की पहचान पूछी। राजू अहिरवार ने सीबीआई अधिकारी का पहचानपत्र दिखाया। बैजनाथ और महेंद्र के आधार कार्ड दिखाए। इस पर जवान को शक हो गया। उन्होंने तीनों से गहनता से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि राजू फर्जी पहचानपत्र लेकर आया था।आरोपियों से पूछताछ के बाद थाना शाहगंज पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करना और आपराधिक साजिश की धारा में केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें - Agra: मेडिकल स्टोर में बच्चे से लेकर महिला तक का हो रहा था इलाज, स्वास्थ्य विभाग की जांच में हुआ ये खुलासा
यूटयूब पर सीखा तरीका
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार के मुताबिक, राजू से पूछताछ में पता चला कि वह दमोह के पूर्व रनेह स्थित वलाई का रहने वाला है। उसके पिता घंदू मजदूरी करते हैं। राजू कक्षा आठ पास है। घर में कंप्यूटर और प्रिंटर है। राजू ने पुलिस को बताया कि वह लड़ाकू विमान करीब से देखना चाहता था। इसलिए वायुसेना स्टेशन परिसर में जाना चाहता था। मगर, अंदर प्रवेश के लिए आईडी की जरूरत पड़ती है। उसने यूट्यूब पर देखा था कि सीबीआई अधिकारी कहीं भी प्रवेश कर जाते हैं। कोई रोकटोक नहीं होती है। इसलिए उसने अपने घर के कंप्यूटर से फर्जी आईडी कार्ड तैयार कर लिया। इसके बाद दमोह से आगरा आ गया। चाचा और मामा उसकी बातों में आ गए थे। इस कारण साथ चले आए थे। वह भी मजदूरी करते हैं।
तीनों को पकड़ लिया गया
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वायुसेना स्टेशन परिसर में एक युवक फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर घुसने का प्रयास कर रहा था। उसके साथ दो और लोग थे। तीनों को पकड़ लिया। वारंट अफसर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिए गए।