Agra: मंडप विसर्जन करते समय यमुना में डूबने से युवक की मौत, साढे़ पांच महीने पहले हुई थी शादी
चित्राहाट के पई घाट पर दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक युवक की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। वह शादी का मंडप विसर्जन करने के लिए आया था। उसकी शादी साढ़े पांच महीने पहले ही हुई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के बाह में साढे़ पांच महीने पहले हुई अपनी शादी के मंडप को विसर्जन करने आए चित्राहाट के सूरज नगर निवासी गौरव यादव (23) की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा पई घाट पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे हुआ। इकलौते बेटे की मौत से मां और सुहाग उजड़ने से पत्नी श्वेता सुध बुध खो बैठी हैं।
गांव के लोगों ने बताया कि गौरव के पिता वीरेंद्र सिंह यादव की करीब 15 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। मां रेखा देवी ने अपने इकलौते बेटे गौरव यादव की शादी अमृतपुरा (इटावा) की श्वेता के साथ किया था। गंगा दशहरा पर सुबह 7 बजे गौरव अपनी शादी का मंडप विसर्जन करने के लिए पई घाट पर गया था। मंडप विसर्जन के दौरान गौरव यादव गहरे पानी में डूब गया। उसे डूबता देख घाट पर रहे लोगों ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय गोताखोर पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाल सके। गौरव को लेकर लोग बाह सीएचसी पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची चित्राहाट पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीएम रतन वर्मा ने भी पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
बेटी का सुहाग उजड़ने पर पिता की हालत बिगड़ी
गौरव यादव की मौत से बेटी श्वेता का सुहाग उजड़ने पर पहुंचे पिता मनोज कुमार और दादा की हालत बिगड़ गई। बाह सीएचसी पर लोगों ने बमुश्किल उन्हें संभाला। गांव के लोगों का कहना था कि पिता की मौत के बाद गौरव ने परिवार को संभाला था। बहन अनुपमा (19) के लिए वह रिश्ता देख रहा था। बेहोशी टूटने पर मां रेखा बार-बार यही बोल रही थी कि अब बेटी के हाथ कौन पीले करेगा।
बटेश्वर के घाट पर डूबते किशोर को बचाया
बटेश्वर के घाट पर स्नान करते समय बृहस्पतिवार को फिरोजाबाद निवासी सत्यम (17) पुत्र विनोद वर्मा यमुना नदी में डूबने लगा। इस पर परिजनों ने चीख पुकार मचाई। किशोर को डूबता देख वहां मौजूद नाविक छोटू भदौरिया ने नदी में छलांग लगाकर उसे बाहर निकाला। सत्यम की मां मधु और पिता विनोद ने गोताखोर को खूब दुआएं दीं।