UP: नहीं लग सका अंकुश, अब फिरोजाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि परिजन टाल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पीड़ित परिजन से तहरीर देने को कहा गया है।
विस्तार
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव चनौरा के पास ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना से गुस्साए परिजन और लोगों ने बंबा बाईपास पर जाम लगा दिया। बता दें कानपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली के तालाब में पलट जाने से कई लोगों को मौत हो गई थी, इसके बाद भी सबक नहीं लिया गया है।
यहां का है मामला
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सत्यनगर टापाकलां निवासी करन सिंह (25) बिल्डिंग मैटेरियल की टाल पर काम करता था। रविवार देर शाम वह भवन निर्माण को ट्रैक्टर ट्रॉली में सामान लादकर कसबा खैरगढ़ जा रहा था। कोटला रोड स्थित नारखी थाना क्षेत्र स्थित चनौरा के पास पहुंचा था, तभी करन सिंह ने संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इसके नीचे दबकर करन सिंह की मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को किसी तरह से ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। नारखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक करन सिंह के पिता हरिओम का कहना था कि टाल स्वामी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
ट्रॉली में था क्षमता से अधिक माल
ट्रॉली में क्षमता से अधिक माल लदा होने के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी और उसके बेटे की जान चली गई। उधर पोस्टमार्टम के बाद नारखी पुलिस ने परिजन को शव सौंप दिया गया। परिजन शव को लेकर बंबा बाईपास मार्ग पर पहुंच गए। उन्होंने चौराहा पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव, रामगढ़ थाना प्रभारी रवि त्यागी, उत्तर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामले को शांत कराने के साथ ही जाम खुलवा दिया। इसके बाद पुलिस ने अपनी ही मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: नेताजी के नाम से सेंध की कोशिश, सीएम योगी की इस चाल से बढ़ सकती हैं अखिलेश की मुश्किलें
परिजन कर रहे थे कार्रवाई की मांग
सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि परिजन टाल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पीड़ित परिजन से तहरीर देने को कहा गया है। यदि तहरीर आती है तो मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिजन ने शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया था। मौके पर पहुंचकर जाम खुलवा दिया गया।