विश्व पर्यटन दिवस: स्मारक देखने आए सैलानियों पर बरसाए फूल, आगरा की मिठाई खिलाकर किया स्वागत
कोरोना काल में बीते साल पर्यटन दिवस पर सन्नाटा रहा था, लेकिन इस बार कोरोना के केस कम होने के कारण पर्यटन उद्यमियों ने किले के पास सैलानियों का स्वागत, सम्मान किया।
विस्तार
विश्व पर्यटन दिवस पर सोमवार को आगरा आने वाले सैलानियों का स्वागत फूलमालाओं से हुआ। आगरा किला के सामने होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने सैलानियों पर फूल बरसाए और आगरा की पहचान पेठा खिलाकर मुंह मीठा कराया। कोरोना काल में बीते साल पर्यटन दिवस पर सन्नाटा रहा था, लेकिन इस बार कोरोना के केस कम होने के कारण पर्यटन उद्यमियों ने किले के पास सैलानियों का स्वागत, सम्मान किया। इस दौरान होटल एंड रेस्ट्रोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान, संजीव जैन ,माधव मोहन बंसल, राजेश कालिया, संजीव भारती, दीपक गुप्ता, राजकुमार खंडेलवाल, संजय सिंह, अजय भार्गव, अंकित बंसल, गौरव चौहान, विकास कश्यप, चंद्र मोहन खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।
साइकिल से देखा ताज नेचर वॉक
विश्व पर्यटन दिवस पर वन विभाग ने रोटरी क्लब आफ आगरा के साथ मिलकर ईको ट्रेल का आयोजन किया, जिसमें दशहरा घाट से रोटरी क्लब आफ आगरा के सदस्यों ने ताज नेचर वॉक का साइकिल से भ्रमण किया। ईको टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए यह कार्यक्रम किया गया। डीएफओ अखिलेश पांडेय ने बताया कि ईको टूरिज्म की यहां अपार संभावनाएं हैं, जिसके लिए विभाग ट्रेवल एजेंट और होटल कारोबारियों के संपर्क में भी है। पर्यटन संस्थाओं के साथ मिलकर वन विभाग जल्द कई कार्यक्रम करने जा रहा है। रोटरी क्लब अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने कहा कि ईको टूअर का प्रचार प्रसार अच्छे ढंग से किया जाए ताकि पर्यटक एक से ज्यादा दिन तक आगरा में रुकें। इसका फायदा पर्यटन उद्यमियों को मिलेगा। इस दौरान अंबर जुनेजा, रेंज अधिकारी रामगोपाल चौहान, अमित सिसौदिया, राजीव लोचन भारद्वाज, शांति स्वरूप गोयल, अनुपम गुप्ता, विनोद गुप्ता, संगीता अग्रवाल, दीक्षा शर्मा, कुशाग्र जैन, नमन पणिक्कर आदि मौजूद रहे।
गाइड दीपक दान को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी गाइड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान का लखनऊ में हुए समारोह में सम्मानित किया। दीपक दान को गाइड के क्षेत्र में योगदान के कारण प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीपक दान ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा इस सम्मान के लिए उन्हें चुने जाने से पूरे आगरा को सम्मान मिला है।
ताज सातवां नहीं, पहला अजूबा
पर्यटन दिवस पर होटल ग्रांड में कोरोना काल में पर्यटन की चुनौतियों विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि एडीएम प्रोटोकॉल हिमांशु गौतम ने कहा कि ताजमहल सातवां नहीं, बल्कि पहला अजूबा है। इसे इसी तरह से प्रचारित किया जाना चाहिए। टूरिज्म गिल्ड अध्यक्ष हरी सुकुमार ने आगरा में कोरोना काल के बाद नई संभावनाएं जताई। यहां वर्ल्ड हेरिटेज साइट के साथ ईको टूरिज्म के प्रचार और सुविधाओं की मांग की। अरुण डंग ने विलेज टूरिज्म, मेडिकल टूरिज्म, म्यूजिक टूरिज्म में संभावनाएं तलाशने की बात कही। उत्तर प्रदेश पर्यटन के उपनिदेशक अमित कु मार ने कोरोना काल में कई चुनौतियों से जूझ रहे उद्योग के दिन जल्द बदलने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होने के बाद पर्यटन उद्योग फिर पटरी पर लौट आएगा।
विश्व पर्यटन दिवस: ताजमहल पर हिंदुस्तानी सैलानियों से लौटी रौनक, विदेशी पर्यटकों का इंतजार