विश्व तंबाकू निषेध दिवस: शौक से शुरुआत, इस उम्र से हो जाते हैं तंबाकू के लती; घेरती हैं ये 10 गंभीर बीमारियां
विश्व तंबाकू निषेध दिवस 31 मई को है। एसएन कॉलेज के डॉक्टरों की स्टडी में 54.8 फीसदी पुरुष और 45.2 फीसदी महिलाएं तंबाकू की लती मिली हैं। पाया ये गया कि पहली बार शौकिया चार-पांच दाने लेकर तंबाकू खाई। धीरे-धीरे मात्रा बढ़ती गई और फिर रोजना पाउच लेकर खाने लगे।
विस्तार
अरे यार... जरा गुटका के चार दाने खिलाना तो सही। चंद दिन ऐसे ही चलता रहा, फिर तंबाकू की लत लग गई। एसएन मेडिकल कॉलेज के सोशल प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग (एसपीएम) के डॉक्टरों के अध्ययन में 12-15 साल की उम्र में शौकिया शुरू की तंबाकू के साल-डेढ़ साल में आदी हो गए। इससे कैंसर समेत आठ से अधिक बीमारियां पनप गईं।
एसपीएम विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू अग्रवाल ने बताया कि 15 साल से अधिक उम्र के 1234 (676 पुरुष, 558 महिलाएं) के अध्ययन में 54.8 फीसदी पुुरुष और 45.2 फीसदी महिलाएं तंबाकू के लती मिले। इनमें से 91.46 फीसदी नियमित औसतन 5-8 पाउच खाते थे। 93.7 फीसदी चबाने वाली और बाकी किसी भी रूप में पाए जाने वाली तंबाकू खा लेते हैं। पूछताछ में इन्होंने 12-15 साल की उम्र पहली बार शौकिया चार-पांच दाने लेकर तंबाकू खाई। धीरे-धीरे मात्रा बढ़ती गई और फिर रोजना पाउच लेकर खाने लगे।
कैंसर, सांस रोग समेत 10 तरह की बीमारी
एसएन मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुरभि गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 60- 70 नए मरीज आते हैं। इनमें कैंसर, सांस रोग, फेफड़े रोग, हृदय रोग, दंत रोग, नेत्र रोग समेत आठ से अधिक तरह की बीमारियां मिलती हैं। इनमें महिला-पुरुषों की संख्या में 8-10 फीसदी का अंतर रहता है। इनमें युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
58.1 फीसदी युवा खा रहे हैं तंबाकू
डॉक्टरों के अध्ययन में तंबाकू खाने वालों में युवाओं की संख्या आधे से अधिक है। 58.1 फीसदी की उम्र 35 साल से कम है। 45 से 64 साल की उम्र के 26.9 फीसदी तंबाकू खा रहे हैं।
बेरोजगार, आठवीं पास ज्यादा खाते हैं तंबाकू
तंबाकू खाने में 55.1 फीसदी बेरोजगार, जो नियमित कार्य नहीं करते हैं। पांचवीं-आठवीं पास 44 फीसदी, 24.7 फीसदी अनपढ़ और 23 फीसदी हाईस्कूल-इंटरमीडिएट किए हुए थे। स्नातक से अधिक पढ़े 8.2 फीसदी तंबाकू खा रहे हैं।
मध्यम वर्ग में तंबाकू का अधिक चलन
मध्यम और अपर लोअर मध्यम वर्ग में तंबाकू का चलन अधिक है। मध्यम वर्ग के 67.59 फीसदी और उच्च मध्यम वर्ग के 21.80 फीसदी लोग तंबाकू के आदी पाए गए। सबसे कम 1.46 फीसदी संपन्न परिवार के मिले।
इन आयु वर्ग में मिले तंबाकू के आदी:
उम्र प्रतिशत (संख्या)
15-24 35(433)
25-34 23.1(285)
35-44 16.4(202)
45-54 10.5(130)
55-64 8.3(102)
65-74 5.8(71)
75 से अधिक 0.9(11)
इस वर्ग में मिले तंबाकू के लती:
वर्ग प्रतिशत (संख्या)
अपर क्लास 1.46 (18)
अपर मिडिल क्लास 5.83 (72)
अपर लोअर क्लास 21.80 (269)
मिडिल क्लास 67.59 (834)
लोअर क्लास 3.32 (41)
डॉक्टरों ने ये दिए सुझाव :
- तंबाकू उत्पादन पर रोक लगे।- प्रचार-प्रसार पर रोक लगाई जाए।
- शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बिक्री पर सख्ती।
- सरकारी-निजी कार्यालयों में नो तंबाकू जोन।
- सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू-धूम्रपान पर जुर्माना।