कासगंज: टायर ऑयल प्लांट का टैंक फटा, चार मजदूर चपेट में आए, इलाज के दौरान एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कासगंज जिले के गांव मारूपुर में टायर प्लांट का टैंक वेल्डिंग के दौरान फट जाने के कारण चार मजदूर चपेट में आ गए। इनमें एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है। मृतक मजदूर के परिजनों ने शुक्रवार को घटना पर आक्रोश जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। परिजनों के आक्रोश के बाद पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर प्लांट संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना ढोलना क्षेत्र के गांव मारूपुर में गुरुवार को टायर प्लांट के मेंटेनेंस का काम चल रहा था। टायर प्लांट में विभिन्न वाहनों के पुराने टायरों से तेल निकाला जाता है। इस मेंटेनेंस के दौरान प्लांट के टैंक में वेल्डिंग कराई जा रही थी। वेल्डिंग कारण टैंक फट गया। इसकी चपेट में आने से वेल्डिंग कर रहा मजदूर मान सिंह पुत्र हरिविलास निवासी मलैला (आगरा) गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के दौरान घायल मानसिंह की मौत हो गई। घटना में मजदूर तेजपाल, तुलाराम और नैना भी घायल हुए। ये लोग झुलस गए है। इनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इस मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के चचेरे भाई भगवान दास ने प्लांट संचालक सुभाष यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी मनोज कुमार सोनकर, एएसपी आदित्य वर्मा, एसडीएम ललित कुमार, सीओ आरके तिवारी सहित थाना पुलिस और राजस्वकर्मी शुक्रवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाए।
क्या है टायर ऑयल
टायर ऑयल प्लांट में टायरों को जलाकर रीसायकल किया जाता है। जिसमें तेल निकलता है। यह तेल सड़क बनाने में प्रयोग होता है।
एसडीएम ने दिया नोटिस
प्लांट संचालक को एसडीएम ललित कुमार ने नोटिस जारी करके फैक्टरी संचालन की अनुमति और प्रदूषण विभाग की अनापत्ति के प्रमाण पत्र दिखाने का समय देते हुए नोटिस जारी किया है। इसी के साथ ही प्लांट पर काम कर रहे श्रमिक के बारे में पूरी जानकारी की गई है।
टायर ऑयल प्लांट से काफी प्रदूषण होता है। एसडीएम ललित कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। प्रदूषण विभाग और उद्योग विभाग से भी प्लांट के बारे में जानकारी मांगी गई है।