आगरा: डेढ़ साल की बेटी के साथ विवाहिता लापता, तीन साल पहले की थी कोर्ट मैरिज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट से जूता कारीगर की पत्नी डेढ़ साल की बेटी के साथ लापता हो गई। पति ने थाना रकाबगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन दोनों का 10 दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। अब पति ने अनहोनी की आशंका जताई है।
नई बस्ती, बालूगंज निवासी सत्येंद्र राजेश जूता फैक्टरी में काम करता है। उसका कहना है कि तीन साल पहले घर के सामने रहने वाली रेखा से कोर्ट मैरिज की थी। उनकी डेढ़ साल की बेटी है। छह जनवरी को वह पत्नी और बेटी को साथ लेकर बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट आए थे।
बाजार में काफी भीड़ थी। इस कारण रेखा से कह दिया कि वह बेटी को साथ लेकर खरीदारी कर आएं। शिवाजी मार्केट के बाहर सत्येंद्र बाइक पर खड़ा रहा। 15 मिनट बाद भी रेखा नहीं आई। इस पर वह बाइक खड़ी करके बाजार में गया। मगर, रेखा और बेटी कहीं नहीं मिले।
पति ने जताई अनहोनी की आशंका
काफी तलाशने पर भी दोनों का पता नहीं चल सका। मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन वह स्विच ऑफ आया। रात में पुलिस को सूचना दी। आठ जनवरी को थाना रकाबगंज में गुमशुदगी दर्ज की गई। पत्नी और बेटी के साथ अनहोनी की आशंका से सत्येंद्र चिंतित हैं।
थाना रकाबगंज की फोर्ट चौकी के प्रभारी तेजवीर सिंह का कहना है कि विवाहिता के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई है। लोकेशन ट्रेस की जा रही है। फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। पोस्टर चस्पा करवा दिए गए हैं। रेलवे और बस स्टैंड पर भी तलाशा जा रहा है।
आठ दिन में भी लोकेशन ट्रेस नहीं
सत्येंद्र का कहना है कि घटना के बाद से पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे तक नहीं देखे हैं। पत्नी के पास मोबाइल भी था, जो अब बंद जा रहा है। पुलिस ने आठ दिन बाद भी न तो पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली है और न ही अंतिम लोकेशन के बारे में पता किया है। रेखा अपने मायके वालों से भी बात नहीं करती थी। इस कारण उनके यहां भी जाने की उम्मीद नहीं है।