मैनपुरी: सपा के जिला पंचायत सदस्य पर धोखाधड़ी का आरोप, महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मैनपुरी में जमीन की खरीद में दिया चेक बाउंस होने पर महिला ने सपा के जिला पंचयात सदस्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
विस्तार
मैनपुरी में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बघिरुआ निवासी एक महिला ने धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि जमीन खरीद के लिए सपा नेता द्वारा दिया गया चेक बाउंस हो गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बघिरुआ निवासी सुमन देवी व उनके पति मनोज कुमार ने कुछ समय पूर्व अपनी एक जमीन सपा के जिला पंचायत सदस्य नीरज उर्फ राजेश खटीक निवासी मोहल्ला गाड़ीवान सदर कोतवाली को बिक्री की थी।
14.91 लाख रुपये उक्त जमीन की कीमत तय हुई थी, राजेश ने भुगतान के नाम पर एक चेक दो लाख और दूसरा चेक 12.91 लाख रुपये का दिया था। उक्त चेक पंजाब नेशनल बैंक के थे। जब उसने चेक लगाकर रुपये निकालने चाहे तो अकाउंट में रुपया न होने के चलते दोनों चेक बाउंस हो गए।
धमकी देने का भी आरोप
धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद जब रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई। उसकी जमीन पर जिला पंचायत सदस्य ने कब्जा कर लिया है। पीड़ित दंपती ने बताया कि आरोपी राजनीतिक रसूख वाला है और उन्हें व परिवार को जान का खतरा है। थाना एलाऊ पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
सपा नेता नीरज उर्फ राजेश खटीक किशनी के वार्ड नंबर तीन से जिला पंचायत सदस्य हैं। उनके खिलाफ पूर्व में जिला पंचायत कार्यालय में तैनात जेई दीपक कुमार की ओर से फर्जी एफडीआर लगाकर भुगतान कराए जाने का एक मामला दर्ज कराया गया था।