ताजनगरी में भीषण गर्मी: एक जुलाई को टूटा छह वर्षों का रिकॉर्ड, सूबे में सबसे गर्म शहर रहा आगरा
आगरा में गुरुवार को पारा सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। इससे प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। दूसरे नंबर पर अलीगढ़ और तीसरे नंबर पर झांसी रहा। जून का पूरा महीना बेहद गर्म रहा। जून में 16 दिन आगरा प्रदेश भर में सबसे गर्म शहर रहा। पूरे माह आगरा सबसे गर्म तीन शहरों की सूची से हटा ही नहीं। जून में पहले तीन पायदान पर आगरा बना रहा।
छह साल में एक जुलाई को सबसे ज्यादा तापमान इसी साल दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली। तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन उमस ज्यादा परेशान करेगी। हल्के बादलों की लुकाछिपी शनिवार को होने के आसार हैं।
गुरुवार को आगरा न केवल दिन, बल्कि रात में भी पूरे प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा 32.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस सीजन में भी सबसे ज्यादा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा, अलीगढ़ और झांसी ही सबसे गर्म शहर हैं। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के शहरों में दिन का तापमान 32 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है।
बारिश के लिए करना होगा इंतजार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक आगरा को झमाझम बारिश के लिए अभी एक सप्ताह इंतजार करना होगा, लेकिन दो दिन बाद हल्के बादलों की लुकाछिपी के आसार हैं। इससे दिन में तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट संभव है।
ऐसे बढ़ा दिन में तापमान
सुबह 8 बजे - 34.5 डिग्री
सुबह 10 बजे - 38.6 डिग्री
दोपहर 12 बजे - 41.2 डिग्री
दोपहर 2 बजे - 42.2 डिग्री
अपराह्न 4 बजे - 41 डिग्री
शाम 6 बजे - 40.2 डिग्री
रात 8 बजे - 39 डिग्री
सूबे में फिर सबसे गर्म रहा आगरा
शहर - अधिकतम - न्यूनतम
आगरा - 42.2 - 32.2
अलीगढ़ - 41.4 - 30.2
झांसी - 41.4 - 31.3
हरदोई - 40.8 - 32
कानपुर - 40.6 - 31.4
साल 2016 से लेकर अब तक एक जुलाई को सबसे ज्यादा तापमान इसी साल रहा। साल 2016 से 2018 तक हर बार एक जुलाई का बारिश से आगाज होता रहा है। लगातार तीन साल से एक जुलाई को सूखा और गर्मी पड़ रही है, लेकिन इस बार तापमान सबसे ज्यादा रहा है। दिन के साथ रात में भी झुलसाने वाली भीषण गर्मी परेशान कर रही है।
साल - अधिकतम - न्यूनतम
2021 - 42.2 - 32.2
2020 - 41 - 29.7
2019 - 41.2 - 28.7
2018 - 35.6 - 28.6
2017 - 36.3 - 27.4
2016 - 34.7 - 25.3