बरनाहल। विकासखंड बरनाहल के गांव इकहरा के एक महाविद्यालय के मैदान में शनिवार को प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए ही प्रसपा ने सपा के साथ गठबंधन किया है। भाजपा विभाजन और सपा भाईचारे की राजनीति करती है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, गरीब, व्यापारी, महिलाएं सभी त्रस्त हैं। महंगाई चरम पर है। आवारा जानवर खेतों की फसल खाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम गठबंधन नहीं करते तो शायद भाजपा को नहीं हटा सकते। तीन साल पहले मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लेकर पार्टी बनाई थी। उन्होंने कहा कि एक हो जाओ सब हमने गठबंधन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने घोषणा पत्र जारी किया है, लेकिन सपा ने गांव, गरीब, किसान, बेरोजगार, महिलाओं की समस्याओं को वरीयता दी है। प्रदेश की जनता बदलाव करने का मन बना चुकी है। इस बार के चुनाव परिणाम ऐतिहासिक ही होंगे। पूर्व विधायक अनिल यादव, विपिन पांडेय, ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव, सर्वेश यादव, राहुल यादव, गौरव यादव, राजेंद्र सिंह यादव, अभिषेक यादव, अनिल राजपूत, धर्मेंद्र शाक्य, असीम यादव, रघुराज सिंह यादव, किशन दुबे मौजूद रहे।