आगरा: लॉयर्स कॉलोनी सहित 12 इलाकों में आज शाम नहीं मिलेगा पानी, सुबह ही भरकर रख लें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा की निर्भय नगर पानी की टंकी और लॉयर्स कॉलोनी में भूमिगत जलाशय और टंकी की सफाई का काम मंगलवार को किया जाएगा। इस वजह से आज शाम इनसे जुड़े सुलभ विहार, लॉयर्स कॉलोनी, देव नगर, कालिंदी पुरम, जेपी नगर, गैलाना रोड, नसीराबाद, नगला पदी, दुर्गा नगर, सुख नगर आदि 12 इलाकों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। जलकल विभाग ने इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि मंगलवार सुबह की सप्लाई के दौरान पानी भरकर रख लें।
जलकल विभाग जीएम आरएस यादव ने बताया कि लॉयर्स कॉलोनी जोनल पंपिंग स्टेशन के जलाशय और टैंक एवं निर्भय नगर पानी की टंकी की सफाई कराई जा रही है। मंगलवार की सुबह सप्लाई के बाद सफाई का काम चलेगा जो शाम तक पूरा होगा।
इस वजह से लॉयर्स कॉलोनी, सुलभ विहार, देव नगर, कालिंदी पुरम, जेपी नगर, गैलाना रोड, नसीराबाद, नगला पदी, दुर्गा नगर, सुख नगर आदि जगहों पर मंगलवार शाम को पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। बुधवार सुबह यहां जलापूर्ति सामान्य हो पाएगी। रात में ही टंकियों और जलाशय को भरने का काम किया जाएगा।
3500 रुपये का बिल, नल पड़े हैं सूखे
दयालबाग क्षेत्र के रणधीर नगर में तीन साल से अमृत योजना के तहत दिए गए कनेक्शनों में पानी नहीं आया, लेकिन 3500 रुपये का बिल आ गया। रणधीर नगर के लोग पानी के लिए सबमर्सिबल पंप पर निर्भर हैं।
किसी ने अकेले बोरिंग कराई तो किसी ने तीन या चार घरों के लिए साझे में बोरिंग का खर्च उठाया। तीन साल पहले गंगाजल की पाइपलाइन जलनिगम की वर्ल्ड बैंक इकाई ने बिछा दी थी, लेकिन इसमें पानी अब तक नहीं आया। अब जब बिल आने शुरू हुए तो लोगों में आक्रोश फैल गया।
महिलाओं ने गंगाजल के लिए किया प्रदर्शन
दयालबाग की 30 कॉलोनियों में पाइपलाइन बिछी होने के बाद भी गंगाजल न मिलने पर रणधीर नगर की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में बाल्टी लेकर महिलाओं ने जलनिगम के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं की शिकायत है कि तीन साल पहले जब पाइपलाइन बिछाई गई, तब कहा गया था कि गंगाजल आने पर इसमें से पानी आने लगेगा।
पानी आया नहीं, बिल भेजे
रणधीर नगर बिजेंद्र सिंह ने कहा कि लाइन बिछाते वक्त कहा गया था कि गंगाजल आने पर टोंटियों से पानी मिलना शुरू हो जाएगा। अब तक पानी आया नहीं हां बिल जरूर भेज दिए गए हैं।
साढ़े तीन हजार का बिल भेजा
रणधीर नगर निवासी निर्मला श्रीवास्तव ने कहा कि हमने दो महीने पहले ही सबमर्सिबल पंप लगवाया है। 50 हजार रुपये खर्च किए। अब साढे़ तीन हजार रुपये का पानी का बिल क्यों भेजा गया।
भूमिगत जल खारा है
कुसुम अग्रवाल ने कहा कि सबमर्सिबल पंप का भूमिगत पानी खारा है और फ्लोराइड की मात्रा भी ज्यादा है। चार महीने में आरओ खराब हो रहा है।