आगरा: आधे शहर में पानी के लिए भटके चार लाख से ज्यादा लोग, सिकंदरा वाटरवर्क्स 25 घंटे से ठप
आगरा में सिकंदरा वाटरवर्क्स की 25 घंटे से बिजली ठप है, बुधवार दोपहर तीन बजे बिजली आई, लेकिन पांच मिनट बाद फिर गुल हो गई। जिससे पानी का शोधन नहीं हो सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में सिकंदरा वाटरवर्क्स की मंगलवार शाम 5.10 बजे बिजली गुल हो जाने के कारण आधे शहर के चार लाख से ज्यादा लोगों को बुधवार को पूरे दिन पानी नहीं मिल पाया। मंगलवार शाम, बुधवार सुबह और शाम को आधे शहर की जलापूर्ति ठप रही। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की टीम ने बुधवार दोपहर 3 बजे फॉल्ट तलाशने के बाद सप्लाई बहाल की, लेकिन चंद मिनटों के बाद बिजली फिर गुल हो गई। इससे सिकंदरा के गंगाजल और यमुना जल के दोनों शोधन प्लांट बंद चल रहे हैं, वहीं पंपिंग स्टेशन की मशीनें भी ठप पड़ी हुई है। बुधवार को पूरे दिन पानी न मिलने से परेशान लोगों की मुसीबत बृहस्पतिवार को भी बढ़ सकती है।
मंगलवार शाम को जलापूर्ति न होने के कारण बुधवार सुबह लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। लॉयर्स कालोनी, सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी, बोदला, शाहगंज, केदार नगर, शाहगंज द्वितीय और तृतीय पंपिंग स्टेशन, सूर्य नगर, संजय प्लेस, कैलाशपुरी, मदिया कटरा, लोहामंडी, बेसनबस्ती, गोकुलपुरा, अशोक नगर, पचकुईयां, जयपुर हाउस, रामनगर, जगदीशपुरा, किशोरपुरा, गढ़ी भदौरिया क्षेत्रों में पानी पूरे दिन नहीं पहुंचा। लोगों को शाम को जलापूर्ति की उम्मीद बंधी, लेकिन सिकंदरा प्लांट की बिजली अपराह्न तीन बजे फिर गुल हो जाने के कारण शाम को भी जलापूर्ति ठप हो गई। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों से जलकल अधिकारियों ने सप्लाई बहाल करने के लिए कहा, लेकिन विद्युत अधिकारी तेज हवाएं चलने से बार बार फॉल्ट होने की जानकारी देते रहे।
उमस के कारण पहले ही पसीने से परेशान हैं। दो दिन से पानी लेने के लिए सबमर्सिबल पंप तक जाना पड़ रहा है। एक एक बाल्टी पानी लाने में परेशान हैं। हर 15 दिन में यही समस्या शुरू हो जाती है। शांति प्रजापति, अशोक नगर
पहले से पता हो तो पानी भरकर रख लें, लेकिन दो दिन तक ऐसी गर्मी में पानी नहीं मिल रहा। पांच कैंपर पानी खरीदना पड़ा, तब घर की जरूरतों का पानी मिल पाया। नीलू, प्रकाश नगर
मंगलवार शाम से सिकंदरा प्लांट की बिजली बंद है। बुधवार को दोपहर 3 बजे बिजली मिली, पर फिर चली गई। बिजली न मिलने के कारण पंपिंग स्टेशन और शोधन प्लांट बंद पड़े हैं। ऐसा ही रहा तो बृहस्पतिवार को भी सिकंदरा से जलापूर्ति मुश्किल हो जाएगी। दक्षिणांचल के अधिकारी तेज हवा के कारण दिक्कतें बता रहे हैं। एस के श्रीवास्तव, सचिव, जलकल विभाग
नारायण विहार पार्क के सामने लीक हुई पाइप लाइन
पश्चिमपुरी स्थित नारायण विहार कालोनी में खादी ग्रामोद्योग कार्यालय के सामने पानी की पाइप लाइन लीक हो जाने से सड़क पर पानी भर गया। पार्क के कोने पर पाइप लाइन सीवर लाइन बिछाने के लिए की गई खोदाई से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत कर दी गई, लेकिन बुधवार सुबह यह लाइन फिर से लीक हो गई। हाल में ही यहां जलनिगम ने सड़क का निर्माण किया है, लेकिन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण फिर से खोदाई कर मरम्मत करनी होगी। लीकेज के कारण कालोनी के 70 से ज्यादा घरों में गंगाजल नहीं पहुंच पाया। 80 फुट लंबी सड़क पर पानी भर जाने के कारण कालोनी में लोगों को पैदल निकलने में परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।
डेंगू का डंक: घातक डेन-2 स्ट्रेन से हृदय में पानी, धड़कन भी तेज, एसएन के मेडिसिन विभाग में सात मरीजों में मिली परेशानी
मथुरा: महापौर पर 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का लगाया आरोप, आत्मदाह की चेतावनी