वृंदावन कुंभ मेला: तीर्थनगरी की अच्छी छवि लेकर जाएं संत-श्रद्धालु, ऐसी होगी सफाई व्यवस्था
- मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने खींचा सफाई व्यवस्था का खाका, तीन शिफ्टों में होगी सफाई
- 16 फरवरी से 25 मार्च तक होगा कुंभ मेला बैठक का आयोजन, देशभर से जुटेंगे संत-श्रद्धालु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीर्थनगरी वृंदावन में कुंभ मेला बैठक को लेकर नगर निगम ने खाका खींच लिया है। मेला स्थल को पांच सेक्टरों में बांटकर करीब 750 सफाई कर्मचारी मुस्तैद किए जाएंगे। ये कर्मचारी सफाई तीन शिफ्टों में काम करेंगे। सभी कर्मचारी आयोजन के एक सप्ताह पहले ही सफाई की बागडोर संभालेंगे। 16 फरवरी से वृंदावन में कुंभ शुरू हो जाएगा, जो 25 मार्च तक चलेगा।
कुंभ मेला बैठक को लेकर हर विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। साफ-सफाई के लिए नगर निगम ने भी खाका खींच लिया है। 750 सफाई कर्मचारी इसकी बागडोर संभालेंगे। इन सफाई कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी होगी। मतलब एक शिफ्ट में 150 कर्मचारी मुस्तैद किए जाएंगे।
संबंधित खबर- Vrindavan Kumbh 2021: 16 फरवरी को आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी, देवरहा घाट का करेंगे शुभारंभ
कुंभ मेला क्षेत्र के प्रत्येक सेक्टर में 50 सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे। कुंभ मेला स्थल पर कहीं भी गंदगी नजर आई तो इसकी जिम्मेदारी इनके कंधों पर होगी। 25 मार्च तक यह सफाई कर्मचारी पूरी तरह से अपने कार्य को अंजाम देंगे।
रखे जाएंगे 200 डस्टबिन, 45 गाड़ियां लगेंगी
कुंभ मेला स्थल पर करीब 200 डस्टबिन रखे जाएंगे। ताकि गंदगी मेला स्थल पर दिखाई न दे। इसके अलावा डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित करने वाली करीब 45 गाड़ियां भी कुंभ मेला स्थल पर रहेंगी। जहां भी कूड़ा दिखेगा उसे सफाई कर्मचारी उठाकर गाड़ियों में डालेंगे।
संतों के डेरे का पानी नहीं जाएगा यमुना में
संतों के डेरों के बाथरूम और किचिन का निकलने वाला पानी यमुना में नहीं जाने दिया जाएगा। नालियों को टेप करके इस पानी को बनाए गए छोटे-छोटे तालाबों में एकत्रित किया जाएगा। फिर इस पानी को सीवर में डाला जाएगा। मकसद यमुना का पानी भी दूषित नहीं हो सके।
नगर निगम की टीम करेगी प्रचार-प्रसार
कुंभ को लेकर नगर निगम स्वच्छता को लेकर प्रचार और प्रसार करेगी। इसके लिए टीम भी बनाई गई है। कुंभ में आने वाले लोगों को जागरूक करके गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित करेंगे। मकसद यह है कि श्रीकृष्ण की नगरी की छवि अच्छी जा सके।
मथुरा-वृंदावन नगर निगम के 1653 सफाईकर्मी, सफाई नायक और सफाई पर्यवेक्षक नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभाले हैं। मथुरा-वृंदावन में प्रवेश करने वाले द्वारों पर कुंभ मेला के दौरान विशेष सफाई रखी जाएगी। इसके लिए नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ ने प्लान तैयार किया है।
छटीकरा, पानीगांव, गोकुल रेस्टोरेंट, गोवर्धन चौराहा, नरहौली चौराहा, लक्ष्मीनगर में सफाई कर्मचारी मुस्तैद किए जाएंगे। इसके पीछे वजह यह है कि इन प्रवेश द्वारों पर गंदगी बिल्कुल न दिखे और छवि महानगर की अच्छी जा सके। नगर निगम क्षेत्र में भी विशेष सफाई को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है।
मथुरा-वृंदावन में तैनात सफाईकर्मी
- स्थायी- 502, संविदा-102, डूडा-860, बैकलॉग-136, सफाई नायक और पर्यवेक्षक-53
अच्छी छवि लेकर जाएं, ऐसी करेंगे व्यवस्था: मांदड़
नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि कुंभ को लेकर पूरा खाका खींच लिया गया है। कुंभ मेला के अलावा मथुरा नगर निगम क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलेगा। कुंभ में आने वाले एक अच्छी छवि लेकर जाएं। नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर और नगर निगम के अफसर बागडोर संभालेंगे।