Agra: मरीजों को हड्डी का दर्द भी दे रहा वायरल फीवर, बदलते मौसम में गठिया के मरीज भी बढ़े
अस्पतालों में वायरल फीवर व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों को हड्डी दर्द भी परेशान कर रहा हैं।
विस्तार
बदलते मौसम में लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। यह मरीजों को हड्डी का दर्द भी दे रहा है। यही वजह है कि मेडिसिन के साथ हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में मंगलवार को 310 मरीजों ने परामर्श प्राप्त किया। महज 27 मरीज पुराने और 283 नए मरीज रहे।
एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सीपी पाल ने बताया कि गत कई दिनों से ओपीडी में 250 से 350 के बीच मरीज पहुंच रहे हैं। इस तमाम वह मरीज हैं जो वायरल की चपेट में आ गए और अब हड्डी में दर्द की शिकायत हो रही है। वहीं, बदलते मौसम में गठिया के मरीज भी बढ़ गए हैं। इनको दवाएं दी जा रही हैं।
पुराना दर्द भी कर रहा परेशान
कोरोना काल में हड्डी के तमाम मरीज ठहर गए थे। अब स्थिति कुछ ठीक होने पर वह डॉक्टरों का रुख कर रहे हैं। बदलते मौसम में पुराना दर्द भी उभर रहा है। इससे मरीजों की संख्या बढ़ भी गई है। उनकी सलाह है कि हड्डी के रोगी दर्द को पाले नहीं, चिकित्सकों से परामर्श कर उपचार कराएं।
बदलते मौसम में मरीजों के साथ सामान्य लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए। इस समय वायरल से बचाव के लिए विशेष ध्यान रखना चाहिए। स्वच्छ पानी पीएं, भोजन में पोषण का विशेष ध्यान रखें, ठंडा पानी पीने से बचें।
युवाओं को स्टंट दिखाना पड़ रहा भारी
हड्डी रोग विभाग में 40 से 50 फीसदी मामले दुपहिया वाहनों को चलाते समय एक्सीडेंट के आ रहे हैं। डॉ. सीपी पाल ने बताया कि 80 से 90 फीसदी एक्सीडेंट के मामले युवाओं के हैं। इसमें भी अधिकतर बाइकर्स हैं। बाइक पर स्टंट दिखाना युवाओं को भारी पड़ रहा है। बारिश और गड्ढों से भी बाइक चलाने वाले लोगों की हड्डी टूट रही है। सड़क टूटी होने से बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं, बारिश की वजह से बाइक फिसलने से भी दुर्घटना हो रही है।
वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ी
अस्पतालों में वायरल बुखार व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मंगलवार को 2422 मरीजों ने परामर्श प्राप्त किया। सर्वाधिक 491 मरीज मेडिसिन विभाग में रहे। इसमें भी अधिकतर मरीज वायरल और उल्टी, दस्त के रहे।
जिला अस्पताल में करीब 2000 नए पर्चे बने और 2500 से अधिक मरीजों ने परामर्श प्राप्त किया। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एके अग्रवाल का कहना है कि बारिश और उमस के इस मौसम में वायरल के मरीजों की संख्या सर्वाधिक बढ़ी है। खान-पान का ध्यान न रखने से उल्टी व दस्त के मरीज भी आ रहे हैं।