जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: फिरोजाबाद में 33 सदस्य डालेंगे वोट, सपा और भाजपा के बीच है मुकाबला
फिरोजाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान शनिवार को दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक डीएम न्यायालय कक्ष में होगा। तीन बजे के बाद मतगणना के साथ परिणाम घोषित होगा। मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्थाएं की है।
विस्तार
फिरोजाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा की रुचि यादव और भाजपा की प्रत्याशी हर्षिता सिंह के बीच मुकाबला है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को आसफाबाद से बिल्टीगढ़ चौराहा मक्खनपुर तक हाइवे पर ट्रैफिक बंद कर दिया है। काफी संख्या में पुलिस फोर्स, पीएसी को तैनात किया है।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान न्यायालय कक्ष जिलाधिकारी कक्ष संख्या 203 में दोपहर 11 से तीन बजे तक होगा। 33 जिला पंचायत सदस्यों के द्वारा मतदान किया जाएगा।
तीन बजे के बाद मतगणना के साथ परिणाम घोषित होगा। मतदाताओं को मतदान अंग्रेजी अंकों में अंकित (1,2) लिखना होगा। अन्य किसी प्रकार से अधिमान्य अंकित करने पर मत अवैध माना जाएगा।
ये प्रमाणपत्र होना जरूरी
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और जिला पंचायत सदस्य अपने साथ मतदान को आईडी प्रूफ एवं निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र अवश्य साथ लाना होगा। सभी जिला पंचायत सदस्यों को कलेक्ट्रेट के बाहर मटसेना पुलिस चौकी पर बने पुरुष एवं महिला इनक्लोजर में जांच करानी होगी।
जिला पंचायत सदस्य व उम्मीदवार के साथ आए वाहन उन्हें कलेक्ट्रेट पर छोड़कर निर्धारित वाहन पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य कलेक्ट्रेट के मेनगेट से प्रवेश करेंगे और मतदान करने के बाद कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल पोर्च से होकर सीएमओ कार्यालय से होकर बाहर जाएंगे।
एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल के निर्देशन में कलक्ट्रेट के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, एसपी देहात डॉ. आखिलेश नारायण सिंह, नगर मजिस्ट्रेट गुलशन कुमार, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, सीओ सदर हीरालाल कनौजिया, सीओ शिकोहाबाद राजवीर सिंह, जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ सभी एसडीएम, तहसीलदार को तैनात किया है।