UP: मुहर्रम के जुलूस में हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, करंट लगने से एक की मौत; चार झुलसे
एटा के अलीगंज में मुहर्रम के अंतिम जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे करंट फैलने से 19 वर्षीय सैफ की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मुहर्रम के आखिरी रात जुलूस के दौरान शुक्रवार तड़के अलीगंज कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। पुरानी तहसील के निकट लगभग 28 फीट ऊंचा ताजिया अचानक एक ओर झुककर हाईटेंशन बिजली की लाइन से टकरा गया। करंट फैलने से जुलूस में भगदड़ मच गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
मुहर्रम पर अलीगंज में पांच दिनों तक ताजिये और अलम के जुलूस निकाले जाते हैं। बृहस्पतिवार देर रात जुलूस निकाला जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल थे। तड़के करीब 3:30 बजे पुरानी तहसील के पास करीब 28 फुट ऊंचा ताजिया एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। ताजिये में करंट फैलते ही जुलूस में भगदड़ मच गई। हादसे में सैफ (19) पुत्र शाकिर खान, साहिल अली, अली हसन और अमीर करंट की चपेट में आ गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सैफ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे तीनों युवकों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, एडीएम संगम लाल, एसडीएम जगमोहन गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव मेवाती मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों को मिलेगी पांच लाख की सहायता
मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले सैफ के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ब उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता के प्रयास के बाद बिजली विभाग ने मृतक के आश्रितों को पांच लाख के सहायता राशि स्वीकृत की है। जल्द ही यह राशि मृतक के आश्रितों के खाते में भेजी जाएगी।
दुर्घटना के बाद ताजियों की ऊंचाई कम करवा निकलवाए गए जुलूस
मोहर्रम के दौरान ताजियों की निर्धारित ऊंचाई को लेकर अलीगंज क्षेत्र में सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन के निर्देशों के अनुसार अलम और ताजियों की ऊंचाई करीब 12 फीट तय की गई है, लेकिन क्षेत्र में पिछले चार दिनों से 25 से 30 फीट तक ऊंचे ताजिये निकाले जा रहे थे। ये पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी और निकाले गए मगर जिम्मेदारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद प्रशासन की निगरानी में ताजियों की ऊंचाई कम कराई गई, जिसके बाद शेष धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए।
जुलूस के दौरान ताजिया अचानक एक तरफ झुक गया। यह पास से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से छूने के कारण करंट प्रवाहित हो गया। करंट से 04 लोग झुलस गए। एक को मृत घोषित किया गया है। अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है। -श्वेताभ पांडेय, एएसपी एटा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.