UP School closed: 12वीं तक के स्कूलों में इतने दिन के लिए बढ़ाई गई छुट्टी; आ गया डीएम का आदेश, देखें लेटर
ताजनगरी में डीएम ने भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए 12 सितम्बर को अवकाश घोषित किया था। अब गुरुवार को बारिश को देखते हुए यह छुट्टी 13 को भी कर दी गई है।
विस्तार
आगरा में बुधवार को सुबह से लेकर रात तक 54.6 मिमी बारिश हुई। देर रात तक बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने 12 से 14 सितंबर तक भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बाढ़ जैसे हालात की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी ने 12वीं तक के सभी बोर्डों के सभी स्कूलों का अवकाश 13 सितंबर को भी घोषित कर दिया है।
दो दिन और भीषण बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी घनघोर बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मंडल में आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में आकस्मिक बाढ़ के हालात बनने की भी आशंका जाहिर की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने आम जनमानस से सचेत रहने की अपील की है। इसके अलावा जान-माल के सुरक्षा के लिहाज से लोगों को गिरासु मकान, होर्डिंग, कच्ची दीवार और पेड़ों के नीचे न खड़े होने की भी अपील की है।
यहां जानें आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान
14 सितंबर तक मंडल में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए दामिनी एप डाउलोड करने की सलाह भी दी गई है। यह एप गूगल लोकेशन के माध्यम से आपकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद आस-पास के 20 किलोमीटर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका का अलर्ट 4 घंटे पहले ही दे देता है। अपर जिलाधिकारी ने लोगों से एहतियातन दामिनी एप डाउनलोड करने की सलाह दी है।
बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार अमूमन सितंबर के महीने में औसतन 111 एमएम बारिश होती है। इस साल अभी सितंबर के केवल 11 दिन ही बीते हैं और अब तक 150 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है।
वहीं जून से लेकर सितंबर तक सामान्य तौर पर आगरा में 483.1 एमएम औसत बारिश होती है। इस साल 549 एमएम बारिश अब तक हो चुकी है। सामान्य से 23 प्रतिशत अधिक बारिश अब तक हो चुकी है।