यूपी पंचायत चुनाव: फिरोजाबाद और कासगंज जिले में मतदान आज, सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में आज फिरोजाबाद और कासगंज जिले में मतदान होगा। दोनों जिलों में मतदान को लेकर सुरक्षा और कोविड से बचाव के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है। फिरोजाबाद जिले के 1082 मतदान केंद्रों के 2243 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। कासगंज जिले में 1441 बूथों पर मतदान होगा।
विस्तार
फिरोजाबाद जिले में 10425 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 13 लाख छह हजार 916 मतदाता सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए जिले को नौ जोन 124 सेक्टरों में बांटा है। अति संवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर फोर्स की विशेष व्यवस्था रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह एवं एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए जिले को नौ जोन, 124 सेक्टरों में बांटकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया है। वहीं विशेष निगरानी के लिए प्रत्येक तहसील में एसडीएम, सीओ मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ-साथ डीएम ने जिले में पांच सुपर जोनल मजिस्ट्रेट को तैनात किया है।
ब्लॉकवार बूथ एवं मतदाताओं की संख्या
ब्लाक का नाम बूथ मतदाता
टूंडला 308 - 174503
नारखी 255 - 152647
फिरोजाबाद 290 - 180038
जसराना 173 - 101116
एका 251 -147740
हाथवंत 219 -124400
शिकोहाबाद 252 -145205
मदनपुर 293 -165088
अरांव 202 -116179
कुल 2243 --1306916
कासगंज के मैदान में 11572 प्रत्याशी
कासगंज जिले में जिला पंचायत सदस्य के 23 पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 579 पद, ग्राम प्रधान के 423 पद, ग्राम पंचायत सदस्य के 5421 पदों के चुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। जो सायं छह बजे बजे तक चलेगा। पंचायत चुनाव के मैदान में कुल 11572 प्रत्याशी है। इनकी किस्मत का फैसला जिले के 906033 मतदाता करेंगे।
पंचायत चुनाव में वोट डालने वाले मतदाताओं को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा। मतदाता बिना मास्क के वोट नहीं डाल सकेंगे। वोट डालते समय यदि पीठासीन अधिकारी मतदाता का चेहरा मिलान करने के लिए मास्क हटाने को कहेगा तो उन्हें ऐसा करना होगा।
मतदान को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस केंद्रों पर निगरानी के विशेष इंतजाम हैं। पुलिस के साथ-साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी सुरक्षा के लिए नजर बनाए रहेंगे। यदि किसी ने मतदान के दौरान गड़बड़ी का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।