स्वतंत्र देव सिंह का बड़ा बयान: मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा 2022 का विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश की सियासत में मचे घमासान के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने 2022 के चुनाव में भाजपा का चेहरा बदलने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। स्वतंत्र देव सिंह ने यह बयान शुक्रवार को कासगंज में दिया। वह यहां भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के कैंप कार्यालय पर मुलाकात के बाद पत्रकार वार्ता कर रहे थे।
गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश के संगठन मंत्री सुनी बंसल को दिल्ली बुलाया था। इस बारे में पूछे जाने पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है। यह रूटीन की मुलाकात थी। प्रदेश में भाजपा का चेहरा बदलने की अटकलों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया।
अयोध्या में राममंदिर के लिए खरीदी गई जमीन को लेकर लग रहे आरोपों पर उन्होंने बताया कि इस संबंध में जवाब दिया जा चुका है। यह सब विपक्ष की अफवाहें हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा को बंपर जीत मिलेगी। पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी। विपक्षी दलों की साजिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिले में अमांपुर के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रमंत्री पूर्णेंद्र सोलंकी, सदर विधायक देवेंद्र राजपूत की पत्नी कमलेश राजपूत, भाजपा के मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह के पिता और भाई की मृत्यु होने पर उन सब के घर जाकर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह किया स्वागत
जिले में पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। उन्हें प्रतीक चिह्न और बुके भेंट किए। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की।
भाजपा अध्यक्ष जैसे ही जिले की सीमा में पहुंचे तो यहां कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहले से ही तैयार थे। मोहनपुरा से पहले सीमा पर कार्यकर्ता पहुंच गए थे। यहां प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाई और बुके भेंट किए। फिर शहर में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के कैंप कार्यालय पर पहुंचने पर यहां पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्वागत शुरू किया। यहां बुके और प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने कमल पुष्प का प्रतीक चिह्न भेंट किया।
स्वागत के दौरान जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, भाजपा ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष श्योराज सिंह, जिला महामंत्री नीरज शर्मा, राजवीर सिंह भल्ला, डा. बीडी राना, राकेश माहेश्वरी, अखिल माहेश्वरी, सनी माहेश्वरी, शरद गुप्ता, राजीव माहेश्वरी, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राजेंद्र बौहरे, अतुल चौहान, योगेंद्र चौहान, अनिल पुंढीर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश उपाध्यक्ष के आवास पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने उनके परिजनों से बातचीत की। प्रदेश उपाध्यक्ष के भाई शिवकुमार भारद्वाज एवं परिवार के अन्य सदस्यों से चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी यहां मौजूद रहे।