एटा: अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन वर्षीय मासूम समेत दो की मौत, छह घायल
एटा जिले में मंगलवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में तीन वर्षीय मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई।
विस्तार
एटा जिले के थाना रिजोर क्षेत्र में कार ने साइकिल सवार दो भट्ठा मजदूरों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। उधर, राजा का रामपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खेल रहे मासूम को बाइक सवार ने रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे साइकिल पर सवार होकर मुकेश कुमार (35) और विपिन कुमार (20) निवासी यादगारपुर दौलतपुर थाना सकीट भंवरपुर भट्ठा पर मजदूरी करने जा रहे थे। रिजोर थाना क्षेत्र में फफोतू पेट्रोल पंप के पास कार ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल लाते समय मुकेश कुमार की मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल विपिन को आगरा रेफर किया गया है।
थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव पहरा के पास मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बालकराम सड़क किनारे तरबूज बेच रहा था। पास में ही उसका तीन वर्षीय पुत्र रोहित खेल रहा था। तभी सामने से आ रही बाइक ने उसे रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
हादसों में महिला सहित छह घायल, दो रेफर
जिले के अन्य क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित पांच लोग घायल हुए हैं। कोतवाली नगर क्षेत्र में जीटी रोड स्थित गोशाला के पास कार की चपेट में आने से बाइक सवार राहुल तिवारी और इसकी मां आशा देवी निवासी डाक बंगलिया घायल हुए हैं। आगरा रोड स्थित रश्मि लोक टॉकीज के पास बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे शिवराम सिंह निवासी मेंहनी शोरा थाना मारहरा घायल हुए हैं।
अन्य हादसों में रामौतार निवासी दलेलपुर थाना छर्रा जिला अलीगढ़, मनोज कुमार निवासी सिरसा बदन थाना मारहरा और मुकेश निवासी छत्ता थाना ढोलना जिला कासगंज घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवराम और रामौतार को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।