मैनपुरी। जिले में बुखार और पेटदर्द से पीड़ित मरीजों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचे बुखार और पेटदर्द की दिक्कत से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में 918 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया इनमें बुखार के मरीजों की संख्या अधिक थी। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव उझैया फकीरपुर निवासी रतिभान सिंह के 45 वर्षीय पुत्र सतीश चंद्र को पिछले पांच दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक झोलाछाप से उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार को अचानक उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव परिगवां निवासी पुप्तू सिंह की 90 वर्षीय पत्नी भारती देवी को बृहस्पतिवार को अचानक तेज पेटदर्द हुआ। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।