Agra: शादी के बाद युवती की मां को भेजे अश्लील फोटो, ब्लैकमेल करने की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा में शादी के बाद मां को बेटी की अश्लील तस्वीरें भेजने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने महिला को इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी।
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की युवती को शादी के बाद एक युवक परेशान कर रहा था। अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग कर रहा था। परिजनों के मना करने पर फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी और उसके सहयोगी को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि रविावर को एक महिला ने शिकायत की। इसमें आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बेटी की शादी पिछले साल हुई है। बेटी की शादी के बाद से एक परिचित युवक परेशान कर रहा है। पिछले दिनों उसने फोन करके बेटी से बात कराने को कहा। मना करने पर रुपयों की मांग की।
युवती की मां को भेजे फोटो
बात नहीं मानने पर बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो पति, ससुरालियों को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे वो घबरा गईं। उन्होंने रुपये नहीं दिए। इस पर फोटो और वीडियो उनके व्हाट्सएप नंबर पर भेजे दिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके विवेचना की।
जांच में पता चला कि रुपयों की मांग फिरोजाबाद के थाना फरिहा स्थित पिलखतर जैत निवासी रवि ने की थी, जबकि उसका साथी रोहित भी सहयोग कर रहा था। पुलिस ने सोमवार को मछली वाली पुलिया के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेजा गया है।