आगरा: दयालबाग की 20 कॉलोनियों को मिलेगा 'गंगाजल', पाइपलाइन बिछाने की योजना को मंजूरी
दयालबाग की कॉलोनियों को पानी न मिलने का मुद्दा अमर उजाला लगातार उठाता रहा। बीते साल जून से नवंबर तक लगातार प्रदर्शन किए गए, जिन्हें अमर उजाला ने प्रमुखता प्रकाशित किया।
विस्तार
आगरा के दयालबाग क्षेत्र की 20 कॉलोनियों के लोगों का संघर्ष आखिर रंग लाया। जलनिगम ने तो नहीं, लेकिन नगर निगम ने दयालबाग में नगला हवेली समेत 20 कॉलोनियों को गंगाजल की सप्लाई के लिए अलग से पाइपलाइन बिछाने की योजना को मंजूरी दे दी। लॉयर्स कॉलोनी पानी की टंकी से दयालबाग की इन कॉलोनियों तक 2630 मीटर लंबी पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिस पर निगम 2.04 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
दयालबाग क्षेत्र में नगला हवेली समेत 20 कॉलोनियों वीर नगर, आरकेपुरम, गणेश नगर, टैगोर नगर, सुदामाबाग, दयानंद नगर, तुलसी बाग, जागेश्वर नगर, दयानंद बाग, कबीर नगर, दुर्गा नगर, निराला नगर, सौरभ निकुंज, पुरुषोत्तम नगर, सुधाबाग, रोशन बाग, पंजाबी बाग, गणेश मंदिर के पास और इनके नजदीक की कॉलोनियों में गंगाजल की पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
अमर उजाला ने उठाया था पानी न मिलने का मुद्दा
दयालबाग में नगला हवेली समेत कॉलोनियों को पानी न मिलने का मुद्दा अमर उजाला लगातार उठाता रहा। बीते साल जून से नवंबर तक लगातार प्रदर्शन किए गए, जिन्हें अमर उजाला ने प्रमुखता दी। मेयर नवीन जैन के अनुसार अमर उजाला में कॉलोनी के लोगों को पानी न मिलने का दर्द पढ़कर ही अलग से पानी की पाइपलाइन बिछाने की योजना तैयार कराई।
जल्द शुरू होगा काम
मेयर नवीन जैन ने बताया कि जलनिगम ने घर-घर कनेक्शन कर दिया, लेकिन पानी की लाइन से इन्हें जोड़ा नहीं। अमर उजाला से इसके बारे में जानकारी मिली, नगला हवेली और दयालबाग के लोगों ने मुझे अपनी पीड़ा बताई थी, जिसके बाद 20 कॉलोनियों के लिए लॉयर्स कॉलोनी टंकी से जोड़ने के लिए पाइपलाइन बिछाने को मंजूरी दी है। यह काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
जलाशय की होगी मरम्मत
नगर निगम द्वारा नगला हवेली और इन कॉलोनियों में 200 एमएम व्यास की 830 मीटर लंबी पाइपलाइन और 250 मिमी व्यास की 1850 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा यहां 1800 किलो लीटर क्षमता के जलाशय की भी मरम्मत की जाएगी। लॉयर्स कॉलोनी से यह सीधी लाइन केवल दयालबाग की इन कॉलोनियों के लिए होगी।
नगला हवेली के लोगों ने बीते साल 6 महीने तक लगातार विरोध प्रदर्शन, घेराव, अधिकारियों को बंधक बनाकर दबाव बनाया, जिसके बाद दयालबाग की अदनबाग पानी की टंकी से दिवाली के दिन ही उनकी जलापूर्ति शुरू हो गई, लेकिन उनके पास की इन 20 कॉलोनियों को नहीं जोड़ा गया था।
नगला हवेली में पानी आने के बाद चौ. रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी ने इन कॉलोनियों के लोगों को ले जाकर नगर निगम पर मटका फोड़ प्रदर्शन एक महीने तक चलाया था, जिसके बाद मेयर ने इस योजना का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए थे। जलनिगम विश्व बैंक इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश गौतम ने 2.04 करोड़ की योजना नगर निगम को सौंपी, जिसे मंजूर कर लिया गया।