मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात होंगे 1200 पुलिसकर्मी, अफसरों ने खींचा खाका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में भाजपा की जनविश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद रामलीला ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।
विस्तार
मथुरा में 19 दिसंबर को प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में 1200 पुलिसकर्मियों तैनात होंगे। मुख्यमंत्री शहर के रामलीला मैदान पर भाजपा की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने शुक्रवार को सुरक्षा का खाका खींचकर जनसभा स्थल और मार्ग का निरीक्षण किया।
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह के साथ सीओ सिटी अभिषेक तिवारी और थाना गोविंदनगर के एसएचओ विजय कुमार सिंह रामलीला ग्राउंड पहुंचे। यहां पर पुलिस अफसरों ने जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद महाविद्या कॉलोनी मार्ग, सरस्वती कुंड मार्ग और गोकुल रेस्टारेंट के आसपास के मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण करने के बाद एसपी सिटी ने बताया कि सुरक्षा का पूरा खाका खींच लिया गया। करीब 1200 पुलिस अफसर और पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवानों पूरी नजरें रखेंगे।
यह रहेगा फोर्स
एएसपी-4, सीओ-12, इंस्पेक्टर/एसएचओ-25, एसआई-90, महिला आरक्षी/आरक्षी-450, चार कंपनी पीएसी के अलावा खुफिया विभाग की टीमें, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वैड।
खुले घूम रहे पशु पकड़ रही नगर निगम की टीम
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के संग ही मथुरा-वृंदावन मार्ग और जनसभा स्थल के आसपास से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। सड़कों के गड्ढे भरने शुरू हो गए हैं। जहां पर नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं उनकी सफाई भी शुरू कर दी गई।
उधर, नगर निगम की दूसरी टीम खुले घूम रहे पशुओं को पकड़ने में जुटी हुई है। मुनादी करके नगर निगम की टीम पशुओं के मालिकों को हिदायत दे रही है कि घरों में पशु बांधकर रखें। बाहर छोड़े गए तो जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि प्रतिदिन टीमें अपने कार्य पर जुटी हुई हैं।