आगरा: आईएसबीटी फ्लाईओवर की दूसरी लेन पर यातायात शुरू, ढाई साल बाद मिली जाम से राहत
आगरा में आईएसबीटी फ्लाईओर 28 माह में 32 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इससे आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों के साथ ही हाईवे पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
विस्तार
आगरा-मथुरा हाईवे पर आईएसबीटी फ्लाईओवर की सिकंदरा से खंदारी फ्लाईओवर की ओर जाने वाली लेन पर शुक्रवार शाम को यातायात शुरू कर दिया गया। 28 माह के बाद फ्लाईओवर बनने से अब लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। एनएचएआई ने नवंबर में इस पुल की खंदारी से भगवान टाकीज वाली लेन पर ट्रैफिक शुरू किया था।
अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर 2018 में फ्लाईओवर को स्वीकृति मिली थी। तत्कालीन आगरा के सांसद रामशंकर कठेरिया ने भूमि पूजन किया था। तकरीबन 32 करोड़ की लागत से बनाए गए फ्लाईओवर को पहले 500 मीटर आगे सलाबत खां के मकबरे के सामने से बनाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन एएसआई की आपत्ति के बाद काम छह माह तक बंद रहा। इसके बाद एनएचएआई ने पुल को 500 मीटर आगे बनवाया गया।
करीब छह माह ठप रहा काम
कोरोना संक्रमण के दौरान वर्ष 2020 में भी यहां करीब छह माह तक काम ठप रहा। इसके बाद निर्माणदायी एजेंसी ने काम शुरू किया तो नवंबर 2020 में पहली लेन शुरू कर दी गई थी, जबकि शुक्रवार शाम को सिकंदरा से खंदारी की ओर वाली लेन खुलने से यहां वाहनों ने तेज गति से फर्राटा भरा। निर्माणदायी एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि अभी फ्लाईओवर के नीचे और सर्विस रोड पर मेंटिनेंस का काम चल रहा है।