आगरा: धीरे-धीरे बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, दो नए मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या हुई 15
आगरा में कोरोना के नए मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को दो और मरीज मिले। बीते दिन दयालबाग के मां बेटा सहित तीन और संक्रमित मिले थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना की रफ्तार फिर से बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। शुक्रवार को दो नए संक्रमित मिलने से सक्रिय मरीजों की संख्या 15 हो गई। इससे पूर्व गुरुवार को दयालबाग निवासी 46 वर्षीय मां एवं 21 वर्षीय पुत्र सहित तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। स्वास्थ्य विभाग शुक्रवार को रैपिड रिस्पांस टीम भेजकर तीनों नए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग कराई।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बीते दिनों कमला नगर में अपने ननिहाल आई गुरुग्राम की 10 साल की बच्ची संक्रमित मिली थी। इसके नाना, नानी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। अब बच्ची की मां भी संक्रमित मिली हैं। उनकी उम्र 32 साल है। बृहस्पतिवार को दयालबाग में मिली संक्रमित महिला, उसके बेटे के बाद पति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। दोनों संक्रमितों में गले में खराश और बुखार की दिक्कत हैं। इनके संपर्क में आए लोगों के भी नमूने लेकर जांच करा रहे हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार बीते 24 घंटे में 2499 लोगों की जांच की गई है। इनमें दो नए मरीज मिले हैं। कुल सक्रिय मरीज 15 हो गए हैं। 3 मार्च, 2020 को ताजनगरी में कोरोना का पहला मरीज मिला था। तब से अब तक 36,189 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 465 मरीजों की मौत हो चुकी है। 35709 ठीक हो गए हैं।
लगातार बढ़ रहे मामले
आगरा में बुधवार को गुरुग्राम से ननिहाल से लौटी छात्रा के संपर्क में आने से उसके नाना नानी भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। धेवती के बाद नाना नानी की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई थी। नाना नानी को गले में खराश व बुखार था। तीनों का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है। इससे पहले छात्रा सहित पांच नए मरीजों में सोमवार को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इनमें तीन महिला पर्यटक थीं। जो मैक्सिको और यूएसए से ताजमहल देखने के लिए आगरा आईं थी। यहां लौटने के बाद उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बता दें कोरोना से जिले में अब तक 465 मरीजों की मौत हो चुकी है। कुल 36183 मरीज मिले चुके हैं। इनमें 35709 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह का कहना है कि एनसीआर के साथ साथ आगरा में भी अलर्ट है। मास्क को लेकर दोबारा प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। लोग बिना मास्क घर से बाहर न जाएं। लक्षण महसूस होने पर जांच जरूर कराएं।