Agra News: दोस्ती नहीं करने पर छात्रा को मनचला दे रहा धमकी, दहशत में परिवार
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि पीड़िता की शिकायत मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
आगरा के शाहगंज क्षेत्र में मनचले की धमकी से एक छात्रा दहशत में है। मोहल्ले का युवक उस पर दोस्ती का दबाव बना रहा है। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी है। छात्रा की मां ने पूर्व में एसएसपी ऑफिस में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को मां-बेटी ने थाने पहुंचकर एक बार फिर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
दो साल पहले खरीदा था मकान
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से सदर इलाके की रहने वाली हैं। दो साल पहले शाहगंज क्षेत्र में ससुर ने मकान खरीदा था। तब क्षेत्र का माहौल नहीं देख पाए थे। नए मकान में रहने आने पर पता चला कि मनचलों का जमघट लगा रहता है। 17 साल की बेटी ने 60 फीसदी अंक पाकर इंटर की परीक्षा पास की है। मां का आरोप है कि मोहल्ले का रहने वाला एक युवक बेटी को एक साल से परेशान कर रहा है। वह कॉलेज आते-जाते पीछा करता। कॉलेज के गेट पर खड़ा हो जाता। रास्ते में रोककर दोस्ती का दबाव बनाता है। वह मना करती है तो जान से मारने की धमकी देता है। पहले तो बेटी ने उसकी हरकतों को ध्यान नहीं दिया। मगर, युवक बाज नहीं आया। इस पर छात्रा ने घरवालों को बताया। तब परिवार के लोग फरीद के घर पहुंचे। उसकी शिकायत की।
घरवाले भी दे रहे आरोपी का साथ
आरोप है कि युवक के घरवाले भी उसका साथ देने लगे। इस कारण बेटी का कॉलेज जाना भी बंद करा दिया। बाद में समाज के लोगों ने पंचायत की, लेकिन युवक मान नहीं रहा है। इससे पीड़ित परिवार दहशत में हैं। शुक्रवार को थाने पहुंची मां का कहना था कि बेटी आगे पढ़ना चाहती है। मगर, मनचले की धमकी से परिवार दहशत में है। वह घर से भी नहीं निकल पा रहे हैं। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि पीड़िता की शिकायत मिली है। मामले में मुकदमा दर्ज करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।