{"_id":"659b6e9b721a417fcd095153","slug":"thieves-took-away-atm-machine-installed-outside-state-bank-of-india-branch-in-agra-2024-01-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: कोहरे का फायदा उठाकर रुपयों से भरी एटीएम मशीन उखाड़ ले गए चोर, पुलिस तलाश में जुटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: कोहरे का फायदा उठाकर रुपयों से भरी एटीएम मशीन उखाड़ ले गए चोर, पुलिस तलाश में जुटी
Mon, 08 Jan 2024 09:10 AM IST
भूपेन्द्र सिंह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
Published by: भूपेन्द्र सिंह
Updated Mon, 08 Jan 2024 09:10 AM IST
सार
आगरा में चोर कोहरे का फायदा उठाकर रुपयों से भरी एटीएम मशीन उखाड़ ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
विज्ञापन
UP: कोहरे का फायदा उठाकर रुपयों से भरी एटीएम मशीन उखाड़ ले गए चोर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
थाना कागारौल से आधा किलोमीटर की दूरी पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। आगरा-जगनेर रोड पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का एटीएम उखाड़कर ले गए। इसके पहले बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। मकान मालिक के शोर मचाने पर उसे धमकी देकर भगा दिया। बदमाशों ने रस्सी और मैक्स गाड़ी की मदद से भारी भरकम एटीएम को गाड़ी में रखा और किरावली रोड की ओर भाग निकले। एटीएम में 29 लाख रुपये से अधिक की रकम थी।
विज्ञापन
कागारौल में वारदात रविवार की रात 2:32 बजे हुई। आगरा-जगनेर रोड पर बस अड्डे के पास ही रामनिवास रावत का दो मंजिल का मकान है। इसी में भूतल पर रामनिवास सीमेंट की एजेंसी चलाते हैं। भूतल पर ही एसबीआई शाखा और एटीएम लगा है। रात में गाड़ी और शटर उठने की आवाज होने पर वह अपने नाती के साथ नीचे की ओर आए। घना कोहरा होने से कुछ साफ नहीं दिखाई दे रहा था। शटर आधा खुला हुआ दिखाई दिया। सामने एक गाड़ी पर बदमाश खड़े थे। उन्होंने गोली मारने की धमकी देकर अंदर जाने को कह दिया। बदमाशों ने इसके बाद बैंक के सीसीटीवी के तार भी निकाल फेंके।
विज्ञापन
रामनिवास दहशत में घर के अंदर छुप गए। हिम्मत जुटाकर 112 नंबर पर फोन किया, पहली बार फोन नहीं लगा। दूसरी बार वह घबराहट में घटनास्थल के बारे में सही से नहीं बता सके। तीसरी बार उन्होंने बदमाशों के एटीएम लूटने की जानकारी दी। इसमें करीब 10 मिनट लग गए।
विज्ञापन
इधर, गाड़ी में मौजूद बदमाश भी पुलिस आने की आशंका पर वहां से भाग निकले। कुछ ही देर में बदमाश गाड़ी लेकर दोबारा पहुंच गए। इस दौरान केबिन में मौजूद बदमाशों के साथी एटीएम को खोल चुके थे।
बदमाशों ने एटीएम को रस्सी से गाड़ी में बांध कर खींचा तो वह बाहर आ गया। बदमाश एटीएम काे मैक्स पिकअप में लादकर किरावली की ओर भाग निकले। बदमाशों के भागने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची मगर तब तक बदमाश भाग निकले थे।
जानकारी होने पर पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त समेत अन्य अधिकारी और बैंक कर्मी पहुंच गए। बैंक कर्मचारियाें ने पुलिस को बताया एटीएम में 29 लाख रुपये से अधिक थे। बैंक के पास सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि टीमें गठित कर दी गई हैं। बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी होगी।