मौसी के घर में ही कर डाली चोरी: युवती ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर उड़ाया लाखों का माल, कर बैठी ये गलती
आगरा के शिवाजी नगर में छह दिन पहले जूता कारोबारी के घर दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती, उसके प्रेमी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 11 लाख रुपये और जेवर बरामद किए गए हैं।
विस्तार
आगरा में छह दिन पहले शाहगंज के शिवाजी नगर में जूता कारोबारी के घर में दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी कारोबारी के साढ़ू की बेटी ने कराई थी। मौसी के घर चोरी कराने के लिए वह दवा लेने के बहाने आकर रुक गई। इसके बाद साजिश के मुताबिक, प्रेमी अपने साथी के साथ लोडिंग टेंपो लेकर आया और माल समेटकर चलता बना।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 11 लाख की रुपये नकद व जेवरात बरामद किए हैं। एक बैंक खाता भी फ्रीज कराया है, जिसमें पांच लाख रुपये जमा हैं। 10 जून को शिवाजी नगर, शाहगंज निवासी मुन्नालाल ने पुलिस को घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात की सूचना दी थी। उसने बताया था कि चोर उनके घर की अलमारी तोड़कर 400 ग्राम सोना और लाखों की नकदी ले गए।
वारदात के समय घर पर कारोबारी की पत्नी सीमा रानी, बुजुर्ग सास और साढ़ू की 20 वर्षीय बेटी पूजा मौजूद थे। पत्नी की आंखें कमजोर हैं उसे बहुत कम नजर आता है। सास को कम सुनाई देता है। पूजा सादाबाद (हाथरस) की निवासी है। पहले दिन से ही पुलिस को उस पर शक था।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। छानबीन के बाद पुलिस के शक की सुई पूजा पर आकर अटक गई। साक्ष्य संकलन के बाद पूजा से पूछताछ हुई। साक्ष्य देख वह टूट गई। उसने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार पूजा ने बीकॉम की पढ़ाई मथुरा स्थित एक महाविद्यालय से की थी। वहां उसकी दोस्ती सुरीर, मथुरा निवासी चेतन रावत से हुई थी। चेतन बीकॉम के बाद नोएडा की एक कंपनी में ऑडिटर की नौकरी कर रहा था। आगे पढ़ाई के लिए उसे सात लाख रुपये की जरूरत थी। यह जानकारी पूजा को थी। पूजा ने उससे कहा था कि उसके मौसा के घर चोरी करेंगे। मोटी रकम मिलेगी। उसकी पढ़ाई भी हो जाएगी और आगे भविष्य के लिए रकम भी मिल जाएगी।
इलाज के बहाने आई, खोल दिया दरवाजा
पूजा ने पुलिस को बताया कि वह लगातार व्हाट्सएप पर चेतन के संपर्क में थी। साजिश के तहत वह इलाज के बहाने आगरा आई। मौसा के घर रुकी। पूरे घर की रेकी की। 10 जून को घर पर नानी, मौसी और वह मौजूद थे। उसने दरवाजे खुले छोड़ दिए। चेतन अपने गांव के दोस्त आकाश रावत के साथ आया। दोनों कमरे में गए। तिजोरी तोड़ी, उसमें रखे लाखों के जेवरात और नकदी ले गए।
ये हुई बरामदगी
आरोपियों से पुलिस को 11 लाख रुपये नकद मिले। पांच लाख आकाश रावत के खाते में जमा थे। उसे फ्रीज कराया गया। लाखों के जेवरात मिले। शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस एक और आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो व्यापारी के घर से 25 लाख रुपये नकदी और 400 ग्राम के सोने के जेवरात चोरी हुए थे।