शिक्षक भर्ती परीक्षा: आगरा में पकड़ा गया सॉल्वर, एक नकलची भी दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में रविवार को आरबीएस इंटर कॉलेज में पुलिस ने एक फर्जी अभ्यर्थी को पकड़ लिया। प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर थाना हरीपर्वत ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बनवारी लाल मीणा पुत्र ताराचंद्र निवासी गांव कूंडला, राजगढ़, अलवर (राजस्थान) है। वह हरीपर्वत स्थित आरबीएस इंटर कालेज में परीक्षा देने आया था।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। वो सुखवीर सिंह निवासी बड़ा गांव, बाह के नाम पर परीक्षा देने आया था। आरोपी के पास से वोटर कार्ड मिला है। पुलिस ने उससे एक घंटे तक पूछताछ की। उसने अभ्यर्थी से परीक्षा में पास कराने का ठेका लिया था।
नकल के लिए अभ्यर्थी लाया था गाइड के पेपर
पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एक अभ्यर्थी नकल करते हुए पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर थाना शाहगंज ने बताया कि अभ्यर्थी राजकुमार निवासी नगला नाहर, फिरोजाबाद है। वो परीक्षा के दौरान नकल कर रहा था।
शक होने पर उसकी तलाशी ली गई। उसके कपड़े और मोजे में दो पेपर मिले, जो कि गाइड के थे। उन पर प्रश्न उत्तर लिखे हुए थे। केंद्र व्यवस्थापक अरुण कुमार सिंह ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी तहरीर पर 3/9 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ गई कि पेपर लीक हो गया। हालांकि परीक्षा नोडल प्रभारी एडीएम सिटी केपी सिंह ने इससे साफ इंकार किया। उन्होंने बताया कि पेपर लीक होने का कोई मामला नहीं है। एक दो अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रश्न पत्र अपने साथ ले गए की बात सामने आई है, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है।
बता दें आगरा जिले के 65 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई गई है। परीक्षा शांतिपूर्ण और नकल विहीन कराने के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के 65-65 पर्यवेक्षक और 65 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे।