आगरा में कोरोना: सात नए संक्रमित मरीज मिले, देहात में फिर बढ़ा संक्रमण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित सात मरीज मिले। एक बार फिर देहात में संक्रमण के मामले अधिक रहे। सात में से पांच मरीज देहात के हैं। इसमें जैतपुर कला में दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। खेरागढ़, अछनेरा और किरावली में भी कोरोना वायरस के मरीज पाए गए। एक अस्पताल में भर्ती अन्य बीमारी के मरीज की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार सोमवार तक 454110 लोगों की कोरोना जांच हो गई है। इनमें 10379 संक्रमित मिले हैं। कुल संक्रमितों में 10084 मरीज ठीक हो गए हैं। 171 की मौत हो गई। जिले में 124 मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97.16 फीसदी पर पहुंच गई है। जनवरी में शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में मरीज ज्यादा मिले हैं।
जनवरी के पहले आठ दिनों में कोरोना के 93 मरीज मिले हैं। इसमें से 44 मरीज देहात के हैं। इनमें सबसे ज्यादा 16 मरीज अछनेरा ब्लॉक के हैं। इसके अलावा बाह, पिनाहट, फतेहपुर सीकरी, खंदौली, शमसाबाद, बरौली अहीर और एत्मादपुर में भी मरीज मिले हैं। शहर में कोरोना संक्रमण की दर कम हुई है।
शहर में नौ और देहात में सात बूथों पर लगेगा टीका
कोरोना वायरस की वैक्सीन 16 जनवरी को लगेगी। जिले में पहले दिन 16 बूथों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्थान तय कर दिए हैं। इसमें शहर में नौ और देहात में सात बूथ बनाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि 16 जनवरी के लिए 16 बूथों पर तैयारियां कर ली गई हैं। हर बूथ पर 100-100 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। उनके फोन पर मैसेज भी भेज दिए हैं। बूथ पर एक दिन पहले मेडिकल ऑफिसर निरीक्षण करेंगे। घंटे भर पहले ही वैक्सीन आइस बॉक्स में रखकर एंबुलेंस से बूथ तक पहुंचाई जाएगी।
इन बूथों पर होगा पहले चरण में टीकाकरण
एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, लेडी लॉयल, पुष्पांजलि अस्पताल, हरीपर्वत पूरब-पश्चिम सीएचसी, जीवनीमंडी सीएचसी, लोहामंडी द्वितीय सीएचसी, नरायच सीएचसी, बरौली अहीर सीएचसी, खंदौली सीएचसी, अछनेरा सीएचसी, बिचपुरी सीएचसी, अकोला सीएचसी, खेरागढ़ सीएचसी और एत्मादपुर सीएचसी। इन बूथों पर दस बजे से टीकाकरण शुरू हो जाएगा।