कासगंज। बाईपास रोड पर नौगंवा के समीप एक कार नील गाय से टकराने के बाद सड़क किनारे खड्ड में गिर गई, जिससे उसमें सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है।
चंद्रपाल (60) निवासी घिनौना थाना ढोलना कार से अपने पुत्र जीतू के साथ ग्राम चांडी गए हुए थे। मंगलवार की रात लगभग एक बजे चंद्रपाल, जीतू एवं गांव के ही महेंद्र पुत्र साहब सिंह, राघवेंद्र पुत्र राजबहादुर ग्राम चांडी से वापस अपने गांव घिनौना आ रहे थे। बाईपास रोड पर ग्राम नौगंवा के समीप उनकी कार के सामने एक नीलगाय आ गई, जिससे टकराकर उनकी कार टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। जब राहगीरों एवं वाहन चालकों ने उन्हें गिरा देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने चंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक चंद्रपाल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।