मथुरा में बदमाशों का दुस्साहस: स्कॉर्पियो सवार लुटेरों ने हाईवे पर लूटा लाखों की सरिया से भरा ट्रक, चालक को बनाया बंधक
पुलिस ने खाली ट्रक चौकी बाद के पास से हाईवे की सर्विस रोड से बरामद कर लिया है लेकिन अभी तक सरिया बरामद नहीं हुई है। ट्रक नागपुर से दिल्ली के लिए सरिया लेकर चला था। लेकिन बदमाशों ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर सरिया लूट लिया और ट्रक को छोड़कर भाग गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नागपुर से दिल्ली के द्वारिका के लिए लोहे की सरिया लेकर चले ट्रक को छाता में हाईवे पर स्कॉर्पियो सवार चार लुटेरों ने रोक लिया। चालक को कब्जे में करने के बाद ट्रक को थाना गोविंदनगर के मसानी रोड पर ले गए। यहां तीन घंटे में ट्रक से लाखों रुपये का सरिया उतारने के बाद लुटेरे ट्रक को बाद चौकी के पास हाईवे की सर्विस रोड पर छोड़ गए, वहीं चालक को आगरा-फरह के बार्डर अछनेरा के पास फेंक गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फरह पुलिस ने चालक से जानकारी जुटाई। ट्रक पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस की टीमें लुटेरों और लूटी गईं सरिया की तलाश में जुटी हुई हैं।
लाखों रुपये की है लोहे की सरिया
रामपुरा, थाना बसैया मुरैना (मध्य-प्रदेश) निवासी बीरबल पुत्र हाकिम सिंह दो दिन पहले ट्रक में लोहे की सरिया लादकर दिल्ली के द्वारिका के लिए चला। सोमवार रात करीब 12 बजे छाता पहुंचे ट्रक को स्कॉर्पियो सवार चार लुटेरों ने ओवरटेक करके उसे रोक लिया। चालक को कार में डालकर लुटेरे ट्रक को लेकर थाना गोविंदनगर के मसानी रोड पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार यहां पर तीन घंटे ट्रक से सरिया उतारा गया। उसके बाद लुटेरे खाली ट्रक को थाना रिफाइनरी की चौकी बाद के पास हाईवे की सर्विस रोड पर छोड़ गए। लुटेरों ने ट्रक चालक को थाना फरह के गांव परखम में अछनेरा बार्डर पर फेंक दिया।
ग्रामीणों ने चालक की सूचना दी
सुबह शौच को आए ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे कोतवाल फरह अवधेश प्रताप सिंह चालक को थाने लाए। उससे पूरी जानकारी जुटाई। ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस को चौकी बाद के पास से ट्रक बरामद हो गया। हालांकि इस मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सरिया बरामदगी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही लुटेरों को पकड़कर लूटा गया सरिया बरामद कर लिया जाएगा। मालिक के आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें...
आगरा-ग्वालियर हाईवे पर भीषण हादसा: टक्कर के बाद दो ट्रकों में लगी आग, तीन बाइकें भी जलकर राख