Agra News: ताजनगरी में बारिश से धंस गईं सड़कें, रास्ते हुए खतरनाक, संभलकर गुजरें
बारिश के मौसम में ताजनगरी की सड़कों पर संभलकर चलें। कई सड़कें धंस गई हैं। गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे हादसे का खतरा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बारिश से तीन दिन में शहर की कई सड़कें धंस गईं। रास्ते खतरनाक हो गए हैं। दयालबाग के नगला हवेली में सड़क धंसने से पांच फीट गहरा गड्डा हो गया। यहां गंगाजल पाइपलाइन के लिए की गई खोदाई लोगों के लिए आफत बन गई है। सुलहकुल नगर में सीवर लाइन धंस गई। राजपुर चुंगी पर गड्ढा हो गया। गड्ढों में पानी भरने से सड़क पर चलना भी सुरक्षित नहीं रहा है।
मानसून से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, दूसरी तरफ शहर में सीवर, पानी व बिजली के लिए की गई खोदाई आफत बन गई है। गुरुवार से रह-रह कर बारिश का सिलसिला जारी है। नगला हवेली में सड़क पर हुए गड्ढे में युवक गिर पड़ा। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।
कई जगह गड्ढे खुले पड़े
स्थानीय निवासी सौरभ चौधरी ने बताया कि तीन जगह सबमर्सिबल धंस गई हैं। रात में अंधेरा रहता है। बड़ा हादसा हो सकता है। उधर, सुलहकुल नगर में एक महीने पहले बिछाई सीवर लाइन तीसरी बार धंसने से कार पलटने से बच गई। सबमर्सिबल से रेत निकाल रही है। चार बोरिंग फेल हो गए हैं। इधर, शांति नगर, गुलाब नगर में भी रास्ते जानलेवा हो गए हैं। आवास विकास कॉलोनी में खोदाई के बाद गड्ढे खुले पड़े हैं।
संजय नगर, उखर्रा में रास्ता बंद
राजपुर चुंगी स्थित उखर्रा में संजय नगर के सामने सड़क धंसने से करीब ढाई फुट का गड्ढा हो गया। इससे आसपास की सड़क के धंसने का खतरा भी मंडरा रहा है। इस रोड से बड़े वाहनों का आवागमन रविवार शाम से बंद हो गया है।
संजय नगर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि दो दिन की बारिश में ही सड़क धंस गई। तीन साल पहले यहां पाइप लाइन डाली गई थी। अब तकरीबन ढाई फुट गहरा गड्ढा हो गया है। इस मार्ग से बीच का उखर्रा और बड़ा उखर्रा के अलावा एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों का रास्ता है। आसपास की सड़क के धंसने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में यहां से टेंपो, ऑटो, मेटाडोर समेत अन्य गाड़ियों का आवागमन बंद कर दिया गया है। लोगों ने इसकी जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है।