Agra: निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
महिला को बुधवार रात को प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे महिला की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के मलपुरा क्षेत्र में जगनेर रोड के नौमील चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक जगनेर के गांव रछुआ जगनेर की रहने वाली अंजू पत्नी लोकेश को प्रसव पीड़ा हो रही थी। परिजन बुधवार को उसे जगनेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों की टीम ने गर्भवती अंजू को आगरा ले जाने की सलाह दी। जिस पर परिजन अंजू को लेकर जगनेर के ही एक निजी क्लीनिक पर पहुंचे, जहां से उनको आगरा जगनेर रोड के नौमील स्थित एक निजी अस्पताल भेज दिया।
सुबह पांच बजे हुई मौत
परिजनों ने देर रात अंजू को मलपुरा क्षेत्र के निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती करा दिया। डॉक्टर ने अंजू का प्रसव ऑपरेशन से कराने की बात कही। परिजन महावीर सिंह ने बताया कि इसके लिए उनसे 20 हजार रुपये भी जमा कराए गए। उन्हें भरोसा दिया गया था कि कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन सुबह करीब 5:00 बजे अंजू की मौत हो गई।
प्रसूता की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। घटना की सूचना पाकर थाना मलपुरा पुलिस पहुंच गई। लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जुटाई जानकारी
महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक केके शर्मा ने बताया कि महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। क्योंकि अस्पताल में कोई स्टाफ नहीं मिला है। इलाज से संबंधित फाइल भी नहीं मिल पाई है। उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।