UP: घी के डिब्बों में मिली बेशकीमती चीज...चार करोड़ रुपये कीमत, देखकर पुलिस रह गई हैरान; दो शातिर गिऱफ्तार
आगरा पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने ऐसे शातिरों को दबोचा है, जो नेपाल से चरस की सप्लाई कर रहे थे। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
फिल्मों में अपराध का नया-नया तरीका देख तस्कर भी उसे अपना रहे हैं। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि एसटीएफ आगरा यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से चरस लाकर आगरा में सप्लाई करते हैं। शुक्रवार रात ताजगंज पुलिस और एटीएफ टीम ने इनर रिंग रोड के पास बसों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक बस से दो युवक उतरे। उनके हाथ में घी के दो बड़े डिब्बे थे। पूछने पर युवकों ने डिब्बों में घी होना बताया।
अंगुली डालने पर घी था। पुलिस ने नाम और पता पूछा। एक ने मोहम्मद शाहिद और दूसरे ने मोहम्मद अब्दुल बताया। कहा वह मूलरूप से मोतीहारी (बिहार) के हैं मगर अब नेपाल में ही रहते हैं। उनके हावभाव से टीम को और शक हो गया। चाकू से डिब्बों को काटकर देखा तो चरस निकली। तराजू से तोलने पर 20 किलोग्राम से कुछ अधिक चरस थी। इससे पहले भी आरोपी आगरा में कई बार चरस की तस्करी कर चुके थे।
सात हजार में खरीदकर 20 हजार में थे बेचते
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि नेपाल में बबीता से सात हजार रुपये किलो चरस खरीदते हैं। वह जंगल से लेकर आती है, सस्ते में देती है। चरस लेकर वह लोग नदी के रास्ते पहले बिहार जाते हैं। इसके बाद बसों में सफर करते हुए आगरा सप्लाई देने आते हैं। आगरा में खरीदार 20 हजार रुपये प्रति किलोग्राम खरीद लेते हैं।
मेडिकल परीक्षण के समय भागा
शनिवार को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर जिला अस्पताल से भाग निकला। इससे पुलिस के पसीने छूट गए। थोड़ी देर बाद पुलिस ने भागने वाले आरोपी की नाकाबंदी कर रकाबगंज थाने के पास से उसे गिरफ्तार किया।
टैंकर से पकड़ा गया था 18 क्विंटल गांजा
इससे पहले फिल्म पुष्पा की तर्ज पर चारकोल के टैंकर से 18 क्विंटल गांजा पकड़ा गया था। फिल्म में दूध के टैंकरों में चंदन की तस्करी होती थी। उसी तर्ज पर आगरा में गांजा लाया गया था। करीब एक साल पहले सिकंदरा पुलिस ने इसे पकड़ा था। इसके कुछ ही दिन बाद सदर पुलिस ने ट्रक के केबिन से सात क्विंटल बरामद किया था। इसी तरह एंबुलेंस में शराब की तस्करी भी सिकंदरा पुलिस पकड़ चुकी है। बमरौली कटरा और एसटीएफ की टीम ने ट्रक में कॉपियों के कार्टन में रखा दो क्विंटल गांजा बरामद किया था।