मैनपुरी। विकास खंड सुल्तानगंज के गांव गढ़िया गोविंदपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्राम प्रधान पर गबन का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को गांव गढ़िया गोविंदपुर के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान रणधीर सिंह द्वारा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए आई धनराशि का घोटाला किया गया है। इस धनराशि को निज कार्यों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। इतना ही नहीं योजना का लाभ मनमाने तरीके से अपात्रों को दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने शौचालय निर्माण के साथ ही आवास आवंटन मेें भी घोटाला किया है। उन्होंने बताया कि प्रधान उन्हें कुछ न कर पाने की धमकी भी देता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की है। जांच में दोषी पाने पर प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। मनोज कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, दिनेश, वीरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, अवनीश, गिरंद सिंह, निर्मल कुमार, हेमराज, बृजेश कुमार, गोपाल, सुरेंद्र सिंह, किशन लाल, नाहर सिंह, रामदास आदि मौजूद रहे।