आगरा: पुलिस ने शराब माफिया पर कसा शिकंजा, 81.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की
एत्मादपुर के शराब माफिया राकेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत की कार्रवाई की है। इसके बाद उसकी 81.52 लाख रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया गया। यह संपत्ति उसने अपनी पत्नी और बेटे के नाम पर खरीदी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में जहरीली शराब से मौतों के बाद पुलिस ने शराब माफिया पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एत्मादपुर में अवैध शराब का व्यापार करने वाले राकेश कुमार की 81.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई बुधवार को शुरू हो गई। उसने अपनी पत्नी और बेटे के नाम पर मकान, खेत और प्लाट खरीदे थे। इनको पूर्व में पुलिस ने चिह्नित किया था। इसके बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी गई थी।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि एत्मादपुर के गांव सुरहरा निवासी राकेश कुमार संगठित गिरोह का सदस्य है। पांच साल से नकली शराब का अवैध कारोबार कर रहा था। वह शराब बनाकर बेचता था। उसे जेल भेजा गया था। अवैध शराब की बिक्री करके उसने काफी संपत्ति बनाई थी। उसने जो भी संपत्ति खरीदी, वो पत्नी विनीता देवी और बेटे आकाश के नाम पर थी।
विधिक राय लेने के बाद पत्नी और बेटे से आय के स्त्रोत दिखाने के लिए कहा गया था, लेकिन वो दिखा नहीं सके। उन्होंने सही जवाब नहीं दिया। राकेश के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था। उसकी संपत्ति को चिह्नित करने के बाद जब्ती करण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी गई।
उनके आदेश के बाद कार्रवाई शुरू कराई गई। बुधवार को कुछ संपत्ति जब्त की, जबकि बाकी संपत्ति को गुरुवार को जब्त किया जाएगा। विनीता देवी के नाम पर मकान, खेत और प्लाट हैं। गांव सुरैरा में भी जमीन है। बेटे आकाश के नाम पर दो मकान और जमीन है। संपत्ति की कीमत 81.52 लाख रुपये है।
जहरीली शराब के आरोपियों पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि जिले में पिछले दिनों जहरीली शराब पीने से मौत के मामले सामने आए थे। इसके बाद से पुलिस अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अब आरोपियों की संपत्ति को भी चिह्नित किया जा रहा है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के बाद संपत्ति को कुर्क करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी जाएगी।