पुलिस भर्ती परीक्षा: आगरा जोन के 15 केंद्रों पर होगी ऑनलाइन परीक्षा, सॉल्वर गैंग पर पैनी नजर
पुलिस भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा के लिए विभाग ने कड़े इंतजाम किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र का प्रभारी सीओ को बनाया गया है। सॉल्वर गैंग की धरपकड़ के लिए अलग से पुलिस फोर्स लगी है।
विस्तार
आगरा जोन के 15 केंद्रों पर शुक्रवार से पुलिस भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। आगरा जिले में 11 केंद्रों पर परीक्षा होगी। इसके लिए बृहस्पतिवार को एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने अधीनस्थों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिशा निर्देश दिए।
परीक्षा उन्हीं केंद्रों पर होगी, जहां पर 250 कंप्यूटर लगे हैं। परीक्षा केंद्र पर सीओ के साथ संबंधित थाना के प्रभारी निरीक्षक तैनात रहेंगे। सॉल्वर गैंग की धरपकड़ के लिए अलग से पुलिस फोर्स लगी है। परीक्षा तीन पालियों में होगी।
पुलिस विभाग में दरोगा के 9027, प्लाटून कमांडर के 484 और अग्निशमन अधिकारी के 23 पदों के लिए ऑनलाइन भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह आगरा में 11, अलीगढ़ में तीन और मथुरा में एक केंद्र पर होगी।
तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा
आगरा के एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा तीन शिफ्ट में होगी। इनमें सुबह नौ से 11 बजे, दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और शाम चार से छह बजे के बीच होगी। आगरा में प्रत्येक केंद्र पर न्यूनतम 250 और अधिकतम 400 परीक्षार्थी बैठ सकेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी से लेकर सिपाही लगाए गए हैं।
90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा
परीक्षा में आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र के साथ आधार कार्ड भी लाना अनिवार्य है। परीक्षार्थी की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रश्नपत्र कंप्यूटर पर डाउनलोड होगा और समय पर बंद हो जाएगा।
सीओ को बनाया गया है प्रत्येक केंद्र का प्रभारी
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि जोन में 15 केंद्र पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक केंद्र का प्रभारी सीओ को बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर फोर्स भी लगी है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।