Agra: आगरा में दवाओं की कालाबाजारी, आरोपी सोनू के दूसरे गोदाम से मिलीं 30 लाख की सरकारी और सैंपल दवाएं
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी सोनू अग्रवाल ने कबूल किया कि वह करीब पांच-छह साल से अपने भाई प्रवीन के साथ दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। उसके दूसरे गोदाम से 60 कंपनियों की 250 तरह की दवाएं जब्त की गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में सैंपल वाली दवाओं की कालाबाजारी करने के आरोपी सोनू अग्रवाल को बृहस्पतिवार को पुलिस ने आठ घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके दूसरे गोदाम से 30 लाख की दवाएं बरामद कीं। गोदाम में मिलीं दवाएं सैंपल और मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल की हैं। औषधि विभाग ने जांच के लिए 10 दवाओं के नमूने भी लिए हैं।
औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि बीते दिनों ताजगंज के बाग खिन्नी महल स्थित घर में दवाओं का अवैध गोदाम मिला था। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ। संचालक रजरई रोड स्थित पुष्प प्लाजा निवासी सोनू अग्रवाल को इस मामले में जेल भेजा गया। पूछताछ में सोनू अग्रवाल ने ताजगंज के श्री राधेकृष्णा धाम कॉलोनी में एक और गोदाम बताया था। यहां टीम पहुंची थी लेकिन उसे चेक नहीं किया जा सका था।
250 तरह की दवाएं मिलीं
थाना ताजगंज पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सोनू अग्रवाल को रिमांड पर लिया। उसे बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे जेल से थाने लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद श्री राधेकृष्णा धाम कॉलोनी में उसके दूसरे गोदाम पर थाना पुलिस, एसटीएफ उसे लेकर पहुंची और गोदाम खुलवाया। जांच करने पर इसमें सैंपलिंग और मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की दवाएं मिलीं। इसमें 60 कंपनियों की 250 तरह की दवाएं हैं। शाम पांच बजे आरोपी सोनू को जेल में दाखिल कर दिया गया।
दवाओं से भर गए 43 बोरे
पुलिस ने बुखार, खांसी की दवा, सिरप, एंटीबायोटिक, पेट रोग, दर्द निवारक, हड्डी रोग, मधुमेह, हृदय रोग समेत कई मर्ज की दवाएं बरामद की हैं। इनको 43 बोरों में भरकर थाना ताजगंज लाया गया। इनको सीज करते हुए 10 दवाओं के नमूने लेकर उसे जांच के लिए भेजा गया है।
एमआर और हॉकर से करता था दवाओं की खरीद
एसटीएफ निरीक्षक हुकुम सिंह के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सोनू अग्रवाल ने बताया कि सैंपल और सरकारी दवाओं की खरीद मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) और हॉकर से करता था। दवाएं महाराष्ट्र के नासिक, अकोला, चंद्रपुर, अमरावती से आती हैं। सस्ते में खरीद कर नौ गुनी कीमत पर इनकी कालाबाजारी करता था।
छह साल से कर रहा अवैध कारोबार
औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी सोनू अग्रवाल ने कबूल किया कि वह करीब पांच-छह साल से अपने भाई प्रवीन के साथ दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। ताजगंज के श्री राधेकृष्णा धाम कॉलोनी में भाई प्रवीण के साले कन्हैया से किराए पर गोदाम लिया है। मुंबई और मध्यप्रदेश के हॉकर और एमआर से खरीदी गई दवाओं का इन गोदाम में स्टॉक करता था। यहां से ही इन दवाओं को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत आसपास के राज्यों में खपाता था।