CTET 2021: आगरा में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हुआ था लीक, कोचिंग संचालक समेत पांच गिरफ्तार
- केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) से जुड़ी आगरा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने मंगलवार को कोचिंग संचालक समेच पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन युवकों ने आगरा में सीटीईटी का पेपर परीक्षा से करीब दो घंटे पहले लीक किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) का प्रश्नपत्र आगरा में परीक्षा से दो घंटे पहले ही लीक हो गया था। परीक्षा के दो दिन बाद मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में कोचिंग सेंटर संचालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी बबलू कुमार) ने बताया कि रविवार को हुई परीक्षा का प्रश्न पत्र प्रयागराज के गिरोह ने लीक किया था। गिरोह से आगरा के छात्र मोहित यादव को पेपर मिला। मोहित ने दूसरे छात्र कुलदीप फौजदार को दिया।
कुलदीप ने छात्र थान सिंह को दिया। यह प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर एक-दूसरे को दिए गए। थान सिंह ने कोचिंग के टीचर प्रभात और उसने कोचिंग सेंटर संचालक विकास शर्मा को व्हाट्सएप किया। विकास ने पहले से तैयारी कर रखी थी।
विकास ने अभ्यर्थियों के व्हाट्सएप ग्रुप में सीटीईटी का प्रश्नपत्र डाल दिया था। इसके एवज में हर अभ्यर्थी से 50 हजार रुपये लिए गए थे। आगरा में विकास का एपेक्स क्लासेस के नाम से कोचिंग सेंटर है। इसकी चार ब्रांच हैं। उसकी गिरफ्तारी राजामंडी स्थित ब्रांच से हुई है।
मैनपुरी में पकड़ा गया था सॉल्वर
आगरा मंडल के मैनपुरी जिले में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के लिए ‘मुन्नाभाई’ पकड़ा गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उससे 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। ‘मुन्नाभाई’ को पकड़ने के बाद पुलिस ने अभ्यर्थी और बिचौलिया को भी गिरफ्तार कर लिया।
जिले में 26 केंद्रों पर रविवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का आयोजन किया गया था। इस दौरान फर्दपुर रोड स्थित बालाजी ग्लोबल एकेडमी पर अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आए ‘मुन्नाभाई’ को बिछवां पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में उसने अपना नाम महेंद्र सिंह निवासी उत्तर नगर सैलई, सती रोड, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद हाल निवासी इटाव रोड, बेवर बताया। उसने सॉल्वर गैंग के सदस्यों के नाम भी बताए। यह भी बताया कि वह इटावा रोड बेवर निवासी राहुल वर्मा के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
थाना कुरावली के गांव अशोकपुर निवासी अक्षय, जो वर्तमान में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वंशीगोहरा में रहता है और ब्रजेश सोलंकी निवासी सैलई आंबेडकर पार्क थाना रामगढ़ फिरोजाबाद ने उसे राहुल से मिलवाया था।
राहुल की जगह परीक्षा देने के लिए उसे 50 हजार रुपये में बात तय हुई थी।
पुलिस ने बिचौलिया अक्षय और अभ्यर्थी राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी ने अपना जुर्म कुबूल किया है। पुलिस ब्रजेश सोलंकी की तलाश कर रही है। वहीं गैंग के सदस्यों के बारे में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं।