{"_id":"660eeab0bf28d3241a0f7a03","slug":"police-could-not-provide-clues-about-the-missing-student-even-after-40-days-father-died-due-to-shock-2024-04-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agra: लापता छात्र का 40 दिन बाद भी सुराग न लगा सकी पुलिस, सदमे से पिता ने तोड़ा दम; थाने में फफक पड़ा भाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra: लापता छात्र का 40 दिन बाद भी सुराग न लगा सकी पुलिस, सदमे से पिता ने तोड़ा दम; थाने में फफक पड़ा भाई
Fri, 05 Apr 2024 06:30 AM IST
धीरेन्द्र सिंह
अमर उजाला न्यूज नेवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेवर्क, आगरा
Published by: धीरेन्द्र सिंह
Updated Fri, 05 Apr 2024 06:30 AM IST
सार
थाना सदर की पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के 40 दिन बाद बताया एत्मादपुर से जांच होगी। ये मामला पुलिस के सीमा विवाद में पड़ा तो घरवालों के होश उड़ गए। थाने पहुंचा छोटा भाई फफक कर रो पड़ा, लेकिन उसे सहारा देने वाला कोई न था।
विज्ञापन
लापता छात्र और उसके पिता का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा कमिश्नरेट बनने के बाद भी पुलिस का ढर्रा नहीं बदल सका है। लापता छात्र के बारे में पुलिस 40 दिन बाद भी सुराग नहीं लगा सकी। बेटे से मिलने की आस में ट्रांसपोर्टर पिता ने दम तोड़ दिया। अब थाना सदर की पुलिस ने परिजन को 40 दिन बाद यह कहकर लौटा दिया है कि बेटे की आखिरी लोकेशन एत्मादपुर में मिली थी। अब जांच एत्मादपुर पुलिस करेगी। उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह सुनकर छात्र का भाई फफक कर रो पड़ा।
विज्ञापन
सदर के रोहता, राधे गार्डन के रहने वाले विपिन मिश्रा ने बताया कि उनके चाचा प्रदीप मिश्रा ट्रांसपोर्टर थे। करीब डेढ़ साल से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका इकलौता बेटा रितिक मिश्रा (24) कासगंज के एसएन कॉलेज से बीएससी कर रहा था। 16 फरवरी को प्रयोगात्मक परीक्षा देने गया था। दोपहर ढाई बजे कासगंज से आगरा के लिए बस में सवार हुआ था। रात 8 बजे चचेरी बहन से उसकी फोन पर बात हुई। उसने बताया कि एत्मादपुर तक आ गया है। जल्दी घर पहुंच जाएगा। इसके बाद परिवार में किसी की रितिक से बात नहीं हुई।
विज्ञापन
परिजन 17 फरवरी को पहले एत्मादपुर थाने गए। पुलिस ने सदर थाने भेज दिया। थाना सदर में गुमशुदगी दर्ज करके जांच बुंदूकटरा चौकी पर भेज दी। इसके बाद परिजन पुलिस चौकी के चक्कर काटते रहे और पुलिस टहलाती रही। विपिन ने बताया कि 28 मार्च को चाचा ने दम तोड़ दिया। आखिरी समय वह सिर्फ एक ही सवाल पूछते थे, रितिक कब आएगा।
विज्ञापन
अब चौकी प्रभारी बुंदूकटरा ने पीड़ित परिवार को दो टूक जवाब दे दिया है कि छात्र की आखिरी लोकेशन एत्मादपुर में मिली थी। उन्होंने जांच एत्मादपुर थाने भेज दी है। परिजन ने एत्मादपुर थाने में संपर्क किया तो पुलिस ने जानकारी होने से ही मना कर दिया।