चावल के नाम पर शराब तस्करी: आगरा में 35 लाख की शराब से भरा कंटेनर पकड़ा, चालक सहित गिरफ्तार
जिस कंटेनर से शराब बरामद हुई है, उसमें चावल की बोरियां भरी होने की फर्जी बिल्टी बनाई गई थी। फर्जी नंबर प्लेट भी लगी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में गांव गुतिला मोड़ पर पुलिस ने बुधवार दोपहर को हरियाणा की 35 लाख की शराब से भरा कंटेनर पकड़ लिया। यह शराब रोहतक से सूरत ले जाई जा रही थी। पुलिस ने चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी भाग निकला।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि शमसाबाद रोड पर गांव गुतिला मोड़ पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पश्चिम बंगाल के नंबर के कंटेनर को रोका गया था। कंटेनर में सवार दो लोग पकड़ लिए, जबकि एक भागने में सफल रहा। पकडे़ गए आरोपियों में सोनीपत (हरियाणा) निवासी श्रीभगवान और खलासी अभिषेक हैं। श्रीभगवान ट्रक चालक है।
ट्रक चालक ने बताया कि फरार हुआ साथी रामलाल ठेकेदार है। चालक ने चावल भरे होने की बिल्टी दिखाई। यह नोएडा से तेलंगाना जाने की थी। इस पर पुलिस ने कंटेनर को चेक किया। उसमें शराब की पेटी रखी थीं। पूछताछ में श्रीभगवान ने बताया कि चावल की बिल्टी की आड़ में हरियाणा की शराब लेकर जा रहे हैं।
आरोपियों को यह शराब रोहतक से गुजरात के सूरत पहुंचानी थी। कंटेनर में शराब की 480 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 5760 बोतल शराब मिलीं। पुलिस ने आबकारी विभाग को जानकारी दी। इस पर टीम पहुंच गई। एसएसपी ने कहा कि अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीओ सदर और थाना ताजगंज एसएचओ को निर्देशित किया है।
बिल्टी बनाने वाले की तलाश
इस मामले में एसआई कुलदीप मलिक ने आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। थाना के प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शराब की कीमत तकरीबन 35 लाख रुपये है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। फैक्टरी मालिक, बिल्टी बनाने वालों की तलाश की जा रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
लगा रखी थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस ने बताया कि ई चालान एप पर कंटेनर का नंबर डाला गया। इसमें पता चला कि कंटेनर का नंबर का पंजीकरण पश्चिम बंगाल के कलीमपोंग निवासी अमरनाथ यादव के नाम पर है। इस पर पुलिस ने चेसिस नंबर चेक किया। इससे कंटेनर का नंबर एचआर69बी 9917 निकला। इसका पंजीकरण दिल्ली के नरेला निवासी बाल सिंह के नाम पर हैं।