Agra Metro: पीएम मोदी बोले- आगरा की पुरातन पहचान के साथ जुड़ा आधुनिकता का नया आयाम
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार
- कहा- आगरा मेट्रो परियोजना का शुभारंभ आगरा में नए युग की शुरुआत
- ताजनगरी में मेट्रो रेल संचालन के लिए दो कॉरिडोर का होगा निर्माण
- प्रदेश सरकार ने 2022 तक मेट्रो का पहला चरण पूरा करने के दिए निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी आगरा को मेट्रो रेल का तोहफा मिल गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आगरा मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आगरा के पास पुरातन पहचान तो हमेशा से रही है। अब इसमें आधुनिकता का नया आयाम जुड़ रहा है। सैकड़ों वर्षों का इतिहास संजोए यह शहर अब 21वीं सदी के साथ कदमताल मिलाने के लिए तैयार हो रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा वासियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। मेट्रो कार्य का शुभारंभ करने के साथ आगरा जैसे ऐतिहासिक शहर को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के एक नए युग की ओर प्रधानमंत्री मोदी ले जाएंगे। आगरा की 26 लाख आबादी के साथ प्रति वर्ष लाखों की संख्या में आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों को मेट्रो का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा शहर में आज के समय के अनुरूप और पर्यावरण के अनुकूल पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा का अभाव होने के कारण अकसर पर्यटन के विकास और प्रोत्साहन में दिक्कतें आती थीं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार चिंता व्यक्त की थी। पिछले छह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो प्रयास किए हैं उसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में भी मेट्रो सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया प्रधानमंत्री का आभार
उन्होंने बताया कि प्रदेश में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और राजधानी लखनऊ में सफलता पूर्वक मेट्रो का संचालन हो रहा है। प्रधानमंत्री के द्वारा कानपुर में मेट्रो कार्य का जो शुभारंभ हुआ था उस पर तेजी से काम चल रहा है। आगरा में भी मेट्रो के कार्य का शुभारंभ हो गया है। मैं आगरा वासियों की तरफ से इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री योगी ने संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन अवार्ड 2020 इन्वेस्ट इंडिया को दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नए भारत को दुनिया के शीर्ष निवेश स्थलों के रूप में प्रसारित करने में प्रधानमंत्री के मार्ग दर्शन के लिए हम सब कृतज्ञ हैं। इन्वेंस्ट इंडिया प्रदेश में निवेश प्रोत्साहन एजेंसी के रूप में गठित इन्वेस्ट यूपी की एक मूल्यवान भागीदार रही है। योगी ने कहा कि इन्वेस्ट यूपी इन्वेस्ट इंडिया के साथ मिल कर काम करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
दो साल में दौड़ेगी आगरा में मेट्रो
लखनऊ में मेट्रो संचालन शुरू करने और कानपुर में बहुत जल्द मेट्रो रेल दौड़ाने जा रही योगी सरकार अब आगरा के लोगों को मेट्रो का सफर कराने की तैयारी में जुट गई है। वह भी अब तक के सबसे रिकार्ड समय में परियोजना का निर्माण पूरा करने के लक्ष्य के साथ, मेट्रो परियोजना पर खुद नजर रख रहे योगी आदित्यनाथ ने यूपीएमआरसी के अफसरों को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार की योजना के मुताबिक दो साल बाद आगरा के लोग मेट्रो रेल की सवारी कर सकते हैं। योजना के पहले चरण को दिसंबर 2022 तक पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीएमआरसी को खास तौर से निर्देश जारी किए हैं ।
पहले चरण में दिसंबर 2022 तक शुरू होगा संचालन
तय योजना के पहले चरण में दिसंबर 2022 तक सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। आगरा मेट्रो की कुल लागत 8379.62 करोड़ रुपये होगी। इसमें पहले चरण में सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। सबसे पहले ताज ईस्ट से जामा मस्जिद तक 6 किलोमीटर तक प्राथमिक सेक्शन तैयार किया जाएगा । इस सेक्शन में कुल नौ मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इसमें ताज ईस्ट गेट, बसई, फतेहाबाद रोड तीन उपरिगामी मेट्रो स्टेशन बनेंगे। ताज महल, आगरा फोर्ट और जामा मस्जिद भूमिगत मेट्रो स्टेशन होंगे।
दूसरा कॉरिडोर, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच होगा। इस कॉरिडोर की लंबाई 15.4 किमी. होगी। इसके तहत कुल 14 स्टेशन होंगे। दूसरे कॉरिडोर में, शहर के आगरा कैंट, सदर बाज़ार, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरिपर्वत चौराहा, संजय प्लेस, एमजी रोड, सुल्तानगंज क्रासिंग, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर, आगरा मंडी और कालिंदी विहार पर मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के प्राथमिक सेक्शन के एलिवेटेड सेक्शन के सिविल निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट मेसर्स सैम (इंडिया) बिल्टवेल प्राइवेट लि. को दिया गया है।
पीएसी और मंडलायुक्त की जमीन पर बनेगा डिपो
आगरा मेट्रो रेल परियोजना में कॉरिडोर-1 का डिपो तैयार करने के लिए 9.37 हेक्टेयर जमीन चयनित की गई है। इसमें से 8.09 हेक्टेयर जमीन पीएसी 15वीं वाहनी और 1.28 हेक्टेयर जमीन मण्डलायुक्त कार्यालय की है। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के डिपो के निर्माण कार्य का जिम्मा मेसर्स लीशा इंजीनियर्स प्राइवेट लि. को दिया गया है।
सुखद और सुरक्षित होगी लाखों पर्यटकों की यात्रा
मेट्रो रेल परियोजना से आगरा की 26 लाख से अधिक आबादी को फायदा मिलेगा । हर साल आगरा आने वाले लगभग 60 लाख पर्यटकों के लिए मेट्रो एक शानदार सेवा होगी। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के रूप में आगरा शहर को एक अत्याधुनिक और वैश्विक स्तर का मास रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम (एमआरटीएस) उपलब्ध हो सकेगा। आगरा मेट्रो के कॉरिडोर्स इस तरह से प्लान किए गए हैं कि शहर के 4 प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस डिपो, कॉलेजों, प्रमुख बाज़ारों और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ा जा सके।