Agra: बिल्डर व दलालों का मेल, आगरा में चल रहा अवैध प्लॉटिंग का ‘खेल’
सत्ताधारी नेताओं के रसूख के आगे विकास प्राधिकरण के अधिकारी लाचार नजर आ रहे हैं। एडीए एप्रूव्ड बताकर खरीदारों को फंसाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में अनियोजित और अनियंत्रित विकास से जहां एक तरफ शहर का आधारभूत ढांचा चरमरा रहा है, वहीं बिल्डर और दलालों के मेल से अवैध कॉलोनियों में प्लॉटिंग का ‘खेल’ हो रहा है। सत्ताधारी नेताओं के रसूख के आगे विकास प्राधिकरण के अफसर लाचार हैं। एडीए एप्रूव्ड के झांसे में आकर खरीदार जिंदगीभर की पूंजी गवां रहे हैं।
नाथ के बाग में जिस भूमि को लेकर दस लोग भूमाफिया घोषित हुए और जेल जाना पड़ा। वहीं, अब सत्ता की हनक में अवैध कॉलोनी बन रही है। गेट व सड़क डालकर प्लॉटिंग हो रही है। सीवर, पेयजल, पार्क जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। इस ‘खेल’ में बिल्डर और दलालों के साथ फील्ड कर्मियों व एडीए इंजीनियर पर सांठगांठ के आरोप हैं। शहर में पहले से एडीए के रिकार्ड में 254 कॉलोनियां अवैध और 20 ब्लैक लिस्ट हैं। जानकारों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों की संख्या 500 से अधिक है, जिनमें सीवर, सड़क, पेयजल, बिजली और जनसुविधा के लिए 3 लाख से अधिक लोग परेशान हैं।
एडीए एप्रूव्ड का झांसा
जन प्रहरी के संयोजक नरोत्तम शर्मा ने बताया कि अवैध कॉलोनियों की निगरानी एडीए का फील्ड स्टाफ करता है। बिल्डर व दलाल उन्हें कमीशन देते हैं, जिसके कारण अवैध कॉलोनियां में लोग फंस जाते हैं। एडीए से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए एडीए एप्रव्ड का झांसा देकर दलाल प्लॉट बेचते हैं।
दलाल कराते हैं सेटिंग
सपोर्ट इंडिया सोसायटी अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी का कहना है कि एडीए दलालों का सबसे बड़ा अड्डा है। जूनियर व असिस्टेंट इंजीनियर से लेकर बाबू दलालों संग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। नामांतरण से लेकर नक्शा पास कराने, प्लॉटिंग, सीलिंग व कंपाउडिंग में भ्रष्टाचार होता है। खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।
फैक्ट फाइल...
876 कॉलोनियां एडीए से एप्रूव्ड हैं
254 कॉलोनियां अवैध घोषित हैं
20 कॉलोनियां एडीए से ब्लैक लिस्ट हैं
163 गांव तक फैली हैं एडीए की सीमा
दलालों के प्रवेश पर रोक
एडीए दफ्तर में दलालों के प्रवेश पर रोक लगाई है। प्रवर्तन विभाग से जांच कराई जाएगी। अवैध प्लॉटिंग व कॉलोनी को सील किया जाएगा।
चर्चित गौड़, उपाध्यक्ष आगरा विकास प्राधिकरण