रेल सफर और अधिक सुविधाजनक: प्रयागराज-जयपुर स्पेशल में लगेंगे इकॉनमी कोच, किराया भी होगा कम
अत्याधुनिक सुविधा वाले इन कोचों में मोबाइल व मैगजीन होल्डर्स, फायर सेफ्टी की आधुनिक व्यवस्था भी है।
विस्तार
आगरा से होकर चलने वाली प्रयागराज-जयपुर (प्रतिदिन) स्पेशल एक्सप्रेस में दो वातानुकूलित इकोनॉमी कोच लगाए जाएंगे। उत्तर मध्य रेलवे में संचालित ट्रेनों में प्रयागराज पहली ट्रेन है, जिसमें इकोनॉमी कोच लगाए जा रहे हैं। अत्याधुनिक सुविधा वाले इन कोचों में मोबाइल व मैगजीन होल्डर्स, फायर सेफ्टी की आधुनिक व्यवस्था भी है। अब इस गाड़ी में सात के स्थान पर पांच स्लीपर कोच रह जाएंगे। दो स्लीपर कोचों को इकोनॉमी कोचों में बदला गया है। बता दें कि इसी गाड़ी में सबसे पहले इलेक्ट्रिक इंजन भी लगा था जब ये ट्रैक शुरू हुआ था। आगरा मंडल के डीसीएम एसके श्रीवास्तव ने बताया कि अब दो स्लीपर कोचों को एसी, इकोनॉमी कोच में बदला गया है।
दो कोच लगेंगे
ट्रेन संख्या 02403/02404 (12403/12404) प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस में दो स्लीपर कोच की जगह पर स्थायी रूप से 2 थर्ड AC इकोनॉमी कोच लगाए जा रहे हैं। इन नए कोच के साथ ट्रेन 6 सितंबर से चलेगी। इन कोच में आरामदायक सफर तो मिलेगा ही साथ में AC थर्ड क्लास से किराया भी कम होगा। अभी प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस में प्रयागराज से जयपुर का किराया 1125 रुपए है, जबकि इकोनॉमी थर्ड AC कोच में यह किराया 1080 रुपए होगा। यानी 45 रुपए कम होगा। बाकी स्टेशनों का किराया 24 अगस्त को अपडेट किया जाएगा। अभी तक स्लीपर कोच में 72 यात्री ही सफर कर सकते हैं, लेकिन नए कोच को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इनमें अधिक यात्री सफर कर सकेंगे।
झेलम, सचखंड समेत चार ट्रेनें रहीं निरस्त
किसान आंदोलन के कारण पंजाब से संचालित ट्रेनों का परिचालन तीसरे दिन सोमवार को भी सामान्य नहीं हो सका। सोमवार को पुणे-जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस, नांदेड़ अमृतसर सचखंड एक्सप्रेस और अमृतसर-नागपुर, पटना हावड़ा जनशताब्दी निरस्त रहीं। इन ट्रेनों से सफर करने वाले करीब 650 यात्रियों ने आरक्षण निरस्त करवाए।
किसान आंदोलन के कारण पंजाब में अमृतसर, अंबाला समेत अन्य स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों का रूट बदला गया है। कई को आंशिक निरस्त करके चलाया जा रहा है। आगरा से होकर गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में झेलम, सचखंड व अमृतसर-नागपुर के निरस्त रहने के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं जो ट्रेनें रूट बदलकर चल रही हैं, वह भी निर्धारित समय से एक से दो घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। आगरा मंडल के डीसीएम एसके श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेनों के निरस्त होने के कारण पर्यटक आरक्षण रद्द करवा रहे हैं।