पटियाली। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह खेत पर जाते समय गंगा नदी में डूबे किसान का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। पीएसी की फ्लड यूनिट ने बृहस्पतिवार को उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं लगा। गांव नगला जय किशन निवासी अजय (26) पुत्र महावीर सिंह और भूरे पुत्र महेंद्र सिंह बुधवार की सुबह करीब 10 बजे गंगा पार करके अपने खेतों पर जा रहे थे। गंगा की बीच धारा में पहुंचते ही दोनों डूबने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद भूरे किसी तरह गंगा से बाहर निकल आए थे, लेकिन अजय नदी में डूब गए थे। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार और थाना प्रभारी चंचल सिरोही मौके पर पहुंच गए थे।
प्रशासन ने गोताखोरों को लगाकर किसान की तलाश शुरू कराई थी। दूसरे दिन बृहस्पतिवार की देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। बृहस्पतिवार को पीएसी की फ्लड यूनिट ने मोटर बोट के जरिये उसकी तलाश को ऑपरेशन चलाया, मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा। नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने बताया कि अजय की खोज पीएसी फ्लड यूनिट से कराई गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह फिर से तलाश कराई जाएगी।