मैनपुरी। जिले में बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में निमोनिया और कोल्ड डायरिया से पीड़ित दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, सांस और हार्ट की दिक्कत से पीड़ित दो अन्य मरीजों ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, जिला अस्पताल की ओपीडी में 1022 मरीज पहुंचे, इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार, निमोनिया, सांस, कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या अधिक थी।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव बनकिया निवासी भूपेंद्र सिंह के सात माह के पुत्र प्रिंस को कुछ दिनों से सर्दी, जुकाम के साथ निमोनिया था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। बुधवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी सुरेंद्र सिंह की साढ़े चार माह की पुत्री प्राची को कुछ दिनों से कोल्ड डायरिया की शिकायत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर बुधवार को जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, करहल थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर निवासी शोभा सिंह की पत्नी रामा देवी (50) को सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन बुधवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेवर के गांव गढ़िया निवासी सत्यदेव (55) के भतीजे की मंगलवार को बरात गई थी। रात करीब तीन बजे सत्यदेव बरात से लौटे, दो घंटे बाद उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया और उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. मदन लाल का कहना था कि दो बच्चों सहित सभी चार लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। उनकी जांच नहीं कराई जा सकी। परिजन उनका निजी जगह उपचार करा रहे थे।