Agra: बिजली बिल के नाम पर साइबर अपराधी बना रहे ठगी का शिकार, पढ़िए बचने का तरीका
फर्जी बिजली बिल पेमेंट के नाम पर साइबर अपराधी लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। मोबाइल पर बिजली बिल का मैसेज किया जाता है और भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की बात कही जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर, आपके मोबाइल पर बिजली बिल भरने से संबंधित मैसेज आ रहे हैं। इसमें भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की बात कही जा रही है तो सावधान हो जाइए। आपका बैंक एकाउंट खाली हो सकता है। लोगों को ठगने के लिए साइबर अपराधियों ने यह तरीका निकाला है। पुलिस ने लोगों को इनके झांसे में न आने की सलाह दी है।
पुलिस को इस बारे में कई शिकायतें मिलने पर अलर्ट किया गया है। मैसेज में कहा जा रहा है कि आपका पिछले महीने का बिजली बिल नहीं भरा गया है। अगर, बिल अपडेट नहीं कराएंगे तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए एक नंबर भी लिखकर देते हैं। इस नंबर पर कॉल करने पर बिल अपडेट करने के लिए कहा जाता है। साइबर अपराधी बात करने पर मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं।
इस मैसेज के साथ वह एक फर्जी बिजली अधिकारी का नंबर भी भेज रहे हैं। ठग खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हैं और फिर ग्राहकों को उनके बकाया बिल की जानकारी भी देते हैं। कई बार इसके लिए वह लोगों को वॉट्सऐप पर संपर्क करते हैं। यदि कोई शख्स बिजली बिल के भुगताने के लिए तैयार हो जाता है, तो स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करने के बाद दस रुपये ट्रांसफर करने की कहकर क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी ले लेते हैं। इसके बाद खाता खाली कर देते हैं।
बचाव ऐसे करें
सबसे पहले आप खुद और अपने घरवालों को जागरूक बनाएं। दूसरा किसी भी अनजान शख्स से अपना ओटीपी शेयर ना करें। मैसेज पर आए लिंक या अनजान फोन नंबर का उपयोग नहीं करें। किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड नहीं करें। यदि आपके पास इस तरह का कोई मैसेज आता है, तो पहले उसके सोर्स की जांच कर लें। किसी भी प्राइवेट अकाउंट में पेमेंट करने से बचें। थाने में शिकायत करें।